पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों के लिए अमेरिका के दरवाजे बंद, ट्रंप प्रशासन का कड़ा फैसला

No Visa For Pakistan Bangladesh

No Visa For Pakistan Bangladesh

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन : No Visa For Pakistan Bangladesh: पाकिस्तान की लाख कोशिशों के बावजूद अमेरिका नहीं माना. उसने पाकिस्तानी लोगों को प्रवासी वीजा नहीं देने का फैसला किया है. इस सूची में बांग्लादेश का भी नाम है. अब पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी कह रहे हैं कि वे अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं. उन्होंने यह मान लिया कि परिस्थिति बदली हुई है.

अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी टॉमी पिगॉट ने कहा, "ट्रंप प्रशासन अमेरिका की आप्रवासी प्रणाली के दुरुपयोग को समाप्त कर रहा है. ऐसे लोग जो अमेरिकी जनता की उदारता का फायदा उठाकर देश की संपत्ति पर बोझ बनना चाहते हैं, उन्हें रोका जाएगा." उन्होंने कहा कि विदेश विभाग अपनी लंबे समय से चली आ रही कानूनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ऐसे संभावित प्रवासियों को अयोग्य ठहराएगा, जो अमेरिका पर पब्लिक चार्ज बनने की आशंका रखते हैं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं.

वैसे, अमेरिका ने पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, ईरान, इराक और रूस सहित 75 देशों के नागरिकों के लिए प्रवासी वीजा जारी करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की घोषणा की. उसने कहा कि इन देशों से आने वाले प्रवासी अमेरिकी लोगों की कल्याणकारी योजनाओं का "अस्वीकार्य दरों" पर लाभ लेते हैं. प्रवासियों पर ट्रंप प्रशासन की सख्ती के तहत उठाया गया यह ताजा कदम उन विदेशियों के प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए है जिनके अमेरिका में रहते हुए सार्वजनिक लाभों पर निर्भर रहने की आशंका है.

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रवासियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना चाहिए और अमेरिकियों पर वित्तीय बोझ नहीं बनना चाहिए. विदेश मंत्रालय सभी नीतियों, विनियमों और दिशानिर्देशों की पूर्ण समीक्षा कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उच्च-जोखिम वाले इन देशों से आने वाले प्रवासी अमेरिका में कल्याणकारी योजनाओं का उपयोग न करें."

अफगानिस्तान, अल्बानिया, एंटीगुआ और बारबुडा, आर्मेनिया, अजरबैजान, बहामास, बांग्लादेश, बारबाडोस, बेलारूस, भूटान, ब्राजील, बर्मा, कंबोडिया सहित 75 देशों के नागरिक प्रवासी वीजा आवेदकों के लिए वीजा करने पर रोक 21 जनवरी से प्रभावी होगी. क्यूबा, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, मिस्र, ईरान, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लीबिया, नेपाल, पाकिस्तान, रूस, सेंट विंसेंट एवं ग्रेनेडाइंस, सोमालिया, सीरिया, थाईलैंड, उरुग्वे, उजबेकिस्तान और यमन भी इनमें शामिल हैं.

पूरी सूची

1. अफ़गानिस्तान2. अल्बानिया3. अल्जीरिया4. एंटीगुआ और बारबुडा5. आर्मेनिया6. अजरबैजान7. बहामास8. बांग्लादेश9. बारबाडोस10. बेलारूस11. बेलीज12. भूटान13. बोस्निया14. ब्राजील15. बर्मा16. कंबोडिया17. कैमरून18. केप वर्डे19. कोलंबिया20. कोटे डी आइवर21. क्यूबा22. कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य23. डोमिनिका24. मिस्र25. इरिट्रिया26. इथियोपिया27. फिजी28. गैम्बिया29. जॉर्जिया30. घाना31. ग्रेनेडा32. ग्वाटेमाला33. गिनी34. हैती35. ईरान36. इराक37. जमैका38. जॉर्डन39. कजाकिस्तान40. कोसोवो 41. कुवैत42. किर्गिस्तान43. लाओस44. लेबनान45. लाइबेरिया46. लीबिया47. मैसेडोनिया48. मोल्दोवा49. मंगोलिया50. मोंटेनेग्रो51. मोरक्को52. नेपाल53. निकारागुआ54. नाइजीरिया55. पाकिस्तान56. कांगो गणराज्य57. रूस58. रवांडा59. सेंट किट्स एंड नेविस60. सेंट लूसिया61. सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस62. सेनेगल63. सिएरा लियोन64. सोमालिया65. दक्षिण सूडान66. सूडान67. सीरिया68. तंजानिया69. थाईलैंड70. टोगो71. ट्यूनीशिया72. युगांडा73. उरुग्वे74. उज्बेकिस्तान75. यमन

बयान में कहा गया, "हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि अमेरिकी जनता की उदारता का अब दुरुपयोग न हो. ट्रंप प्रशासन हमेशा अमेरिका को सबसे पहले रखेगा." ‘फॉक्स न्यूज डिजिटल’ द्वारा देखे गए विदेश मंत्रालय के एक ज्ञापन में अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विभाग द्वारा जांच और सत्यापन प्रक्रियाओं की पुनर्समीक्षा किए जाने तक मौजूदा कानून के तहत वीजा देने से इनकार किया जाए.

मंत्रालय ने कहा कि यह रोक पर्यटक वीजा पर लागू नहीं होती और विशेष रूप से प्रवासी वीजा आवेदकों के लिए है. उसने कहा, "पर्यटक वीजा गैर-प्रवासी वीजा होते हैं." प्रवासी वीजा (आईवी) उस व्यक्ति को जारी किया जाता है जो "अमेरिका में स्थायी रूप से रहना" चाहता है. गैर-प्रवासी वीजा (एनआईवी) उन व्यक्तियों को जारी किए जाते हैं जिनका अमेरिका के बाहर स्थायी निवास होता है, लेकिन वे पर्यटन, चिकित्सकीय उपचार, व्यवसाय, अस्थायी काम या अध्ययन के लिए "अस्थायी आधार" पर देश में प्रवेश करना चाहते हैं.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन द्वारा बांग्लादेश और पाकिस्तान समेत "उच्च-जोखिम" वाले 75 देशों के लोगों के लिए प्रवासी वीजा पर लगाई गई ताजा रोक पर्यटक या कार्य वीजा पर लागू नहीं होती और इसका असर उन लोगों पर पड़ेगा जो अमेरिका में स्थायी रूप से रहना चाहते हैं.