कब और कहां देखें भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 फाइनल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग
U19 World Cup Final
U19 World Cup Final: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और अब खिताबी मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आई हैं और बिना कोई मैच गंवाए फाइनल तक पहुंची हैं. ऐसे में क्रिकेट फैंस को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है.
रिकॉर्ड के साथ फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
भारतीय अंडर-19 टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर रिकॉर्ड दसवीं बार वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई है. भारत लगातार छठी बार खिताबी मुकाबला खेलेगा, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने छह बार फाइनल तक पहुंच कर ये कारनामा किया है, लेकिन इस मामले में भारत सबसे आगे है.
इंग्लैंड भी शानदार फॉर्म में
दूसरी ओर इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल का टिकट कटाया. इंग्लिश टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है. उनकी बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ-साथ गेंदबाजी यूनिट भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आई है. ऐसे में फाइनल में इंग्लैंड भारत को कड़ी चुनौती दे सकता है.
आमने-सामने के आंकड़ों में कौन आगे?
अगर अंडर-19 यूथ वनडे में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों की बात करें तो भारत का पलड़ा भारी नजर आता है. भारत और इंग्लैंड अब तक 55 बार आमने-सामने आए हैं, जिनमें भारत ने 41 मैच जीते हैं. इंग्लैंड को 13 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा. आंकड़े भले ही भारत के पक्ष में हों, लेकिन फाइनल में दबाव के हालात में कुछ भी हो सकता है.
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल शुक्रवार, 6 फरवरी को खेला जाएगा. यह मुकाबला जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होगा. मैच की शुरुआत स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे होगी, जबकि भारतीय समय के मुताबिक पहला गेंद दोपहर 1 बजे फेंकी जाएगी. टॉस भारतीय समयानुसार 12:30 बजे होगा.
कहां देखें लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग
भारत में इस बड़े मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं, फैंस मोबाइल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जियोहॉटस्टार ऐप और उसकी वेबसाइट के जरिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे.
फाइनल मैच के लिए दोनो टीमें
भारतीय टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एमान, एरॉन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उदय मोहन, हेमिल पटेल, खिलान ए. पटेल, हर्षवर्धन सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी
इंग्लैंड टीम: थॉमस रेव (कप्तान), फरहान अहमद, रॉकी अलर्ट, बिल वीसन, बेन डॉकिन्स, कालेब फॉल्कनर, अली फारूक, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, ल्यूक हेंडरसन, मैनी लार्डन, बेन मेयर, जेम्स मीटो, जो मूर्स, सेबेस्टियन मॉर्गन