Western disturbance active in Haryana, yellow alert for rai

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 17 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट

undefined

Western disturbance active in Haryana, yellow alert for rai

 

हरियाणा में देर रात से ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज प्रदेश के 17 जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर और दक्षिण हरियाणा के कुछ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि (Hailstorm) भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 75 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है।

2 फरवरी से मौसम में आंशिक सुधार

मौसम विभाग के अनुसार, 2 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा, लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।

तापमान में गिरावट दर्ज

शनिवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। राज्य का सबसे गर्म स्थान चरखी दादरी रहा, जहां 23.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं करनाल में दिन का तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। फरीदाबाद में बीते 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 16 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

रात का तापमान और कोहरे की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बाद चलने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं रात की ठिठुरन बढ़ा सकती हैं।

सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। आने वाले दिनों में जब मौसम साफ होगा, तब रात के तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।