डिडौली: फलों के गोदाम में आग, वेल्डिंग की चिंगारी से हुआ बड़ा नुकसान
welding spark caused huge damage
डिडौली। फलों के गोदाम की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान की जा रही वेल्डिंग की चिंगारी नीचे गिर गई। जिससे गोदाम में भीषण आग लग गई। घटना से हड़कंप मच गया तथा वहां काम करने वाले कर्मियों ने भाग कर खुद को बचाया। मौके पर पहुंची दमकल व पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। उस समय तक लगभग 15 लाख रुपये से अधिक के फल व सामान जलकर राख हो गए।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र में अमरोहा-जोया रोड पर स्थित गांव जोई की है। कस्बा जोया के मुहल्ला मुंशियान में दिलदार हुसैन का परिवार रहता है। उनके बेटे मोहम्मद अहमद फल कारोबारी हैं। उन्होंने पास के गांव जोई में फलों का गोदाम बना रखा है। चूंकि रमजान का महीना शुरू हो गया है तो फलों की आवक अधिक है। ऐसे में गोदाम में काफी मात्रा में फल रखे थे। गोदाम में पुआल व रद्दी भी पड़ी थी।
शुक्रवार को गोदाम की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए उन्होंने कारीगर बुलाए थे। लिहाजा छत पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी फलों के पास रखी पुआल पर गिर गई। जिससे आग भड़क उठी तो वहां रखीं प्लास्टिक की क्रेट ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने पर वहां काम कर रहे श्रमिकों ने पहले काबू पाने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली।
तेजी के साथ आग भड़की तो वह भी खुद को बचाते हुए बाहर भाग निकले। देखते ही देखते सारा गोदाम आग की लपटों से धधक उठा। धुआं का गुबार आसमान में छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उस समय तक गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना में 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।
धुआं का गुबार देख कर सहम गए लोग
डिडौली: फलों के गोदाम में लगी आग की घटना से हड़कंप मचा रहा। आग की लपटों के साथ धुआं का गुबार भी आसमान में छा गया। दूर से ही उठा धुआं नजर आ रहा था। मौके पर गांव के लोगों की जमा हो गई। वहीं जोया-अमरोहा रोड पर भी वाहनों की गति थम गई थी।
गोदाम में नहीं थे अग्निशमन यंत्र
डिडौली: गोदाम में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था भी नहीं थी। जिससे आग तेजी से फैल गई। चूंकि प्लास्टिक की क्रेट तेजी के साथ जलती है, उससे आग ने तेजी पकड़ ली तथा बेकाबू हो गई। वहीं सबमर्सिबल चलाने का मौका भी नहीं मिला। खतरा इस बात भी था कि गोदाम में रखे फ्रीजर न फट जाएं। गनीमत रही कि कोई धमाका नहीं हुआ।
फलों के गोदाम में आग लगी है। वेल्डिंग के दौरान आग लगना बताया जा रहा है। फिर भी सारे मामले की जांच की जा रही है। कोई जनहानि नहीं हुई है। अभिषेक यादव, सीओ सदर।