रांची विश्वविद्यालय के कॉलेजों की वेबसाइट हैक, छात्रों के लिए सूचना संकट

रांची विश्वविद्यालय के कॉलेजों की वेबसाइट हैक, छात्रों के लिए सूचना संकट

Websites of Ranchi University Colleges Hacked

Websites of Ranchi University Colleges Hacked

रांची। Websites of Ranchi University Colleges Hacked, डिजिटल क्रांति के इस युग में जहां शिक्षा से लेकर सूचना तक सब कुछ एक क्लिक पर उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है, वहीं झारखंड के सबसे पुराने रांची विश्वविद्यालय (आरयू) के कॉलेजों का हाल बेहाल है। 

छात्र जानकारी के लिए कालेज की वेबसाइट खोलते हैं, तो उन्हें जुए और विदेशी गेम्स नजर आ रहे हैं। रांची विश्वविद्यालय के अंगीभूत 19 अंगीभूत कालेज हैं। इनमें से दो कालेजों (केसीबी बेड़ो व मांडर कालेज) की वेबसाइट को हैकरों ने हैक कर लिया है। 

लिंक पर क्लिक करने पर बैटरी व गेम खुल

इस कारण इनके लिंक पर क्लिक करने पर बैटरी व गेम खुल रहे हैं। नौ कॉलेजों की वेबसाइट बंद हैं। जबकि, वर्तमान में रांची विवि की ओर से परीक्षा और रिजल्ट से संबंधित सारी सूचनाएं वेबसाइट पर दी जा रही हैं। अंगीभूत कालेजों को भी ऐसा ही करना है।लेकिन, उनकी वेबसाइट कुछ अलग ही कहानी बता रही हैं। 

ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि विद्यार्थियों को सूचनाएं कहां से प्राप्त होंगी। 

प्रिंसिपलों की लापरवाही पर विवि ने झाड़ा पल्ला 

हैरानी की बात यह है कि यह स्थिति रातों-रात उत्पन्न नहीं हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि उन्होंने महीनों पहले ही संबंधित कॉलेजों को उनके पोर्टल हैक होने की सूचना दे दी थी। संबंधित कॉलेजों के प्रिंसिपलों ने इसे सुधारने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। 

विश्वविद्यालय इस पूरे मामले में केवल सूचना देने की औपचारिकता निभाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। विवि का कहना है कि कालेजों की वेबसाइट का एक्सेस विश्वविद्यालय के पास नहीं होता है। हम आगाह ही कर सकते हैं। 

छात्रों के साथ डिजिटल छल 

वर्तमान में जब परीक्षा फार्म भरने से लेकर रिजल्ट देखने तक की पूरी प्रक्रिया आनलाइन है, तब वेबसाइटों का इस तरह हैक होना या बंद पड़ा होना छात्रों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र, जो सूचनाओं के लिए पूरी तरह इंटरनेट पर निर्भर हैं, उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वे सही जानकारी कहां से जुटाएं।

बड़ा सवाल 

क्या डिजिटल इंडिया का सपना ऐसे ही साकार होगा, जहां शैक्षणिक संस्थान अपनी साइबर सुरक्षा के प्रति इतने लापरवाह हैं कि उनकी पहचान लाटरी व गेमिंग साइट्स के रूप में होने लगी है। जिम्मेदार कौन है-चेतावनी देकर चुप बैठनेवाला रांची विश्वविद्यालय या सोता हुआ कॉलेज प्रशासन। इस मामले को लेकर कोई गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

वेबसाइट हैक,भविष्य अधर में 

रांची विश्वविद्यालय के 19 अंगीभूत कॉलेजों में से 11 की वेबसाइट में गड़बड़ी है। आरयू की साइट पर इन कॉलेजों के जो लिंक हैं, वे सूचना देने के बजाय साइबर असुरक्षा की कहानी कह रहे हैं। 


  • मांडर कॉलेज: यहां की वेबसाइट पर क्लिक करते ही आप किसी शैक्षणिक पोर्टल पर नहीं, बल्कि एक चाइनीज गेम की वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं। 

  • केसीबी कॉलेज बेड़ो: यहां की वेबसाइट पर मंगलवार तक चाइनीज गेम की साइट खुल रही थी, जबकि बुधवार को वेबसाइट ही गायब हो गई।

इन कॉलेजों की बंद है वेबसाइट 

नौ कॉलेज की वेबसाइट बंद हैं। इनमें जेएन कॉलेज धुर्वा, बिरसा कालेज खूंटी, बीएन जालान कॉलेज सिसई, सिमडेगा कालेज, विमेंस कॉलेज लोहरदगा, मॉडल डिग्री कॉलेज घाघरा, मॉडल डिग्री कॉलेज बानो, विमेंस कॉलेज सिमडेगा, विमेंस कॉलेज गुमला शामिल हैं।