यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: योगी सरकार ने दिए कड़े निर्देश, अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष जोर

यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: योगी सरकार ने दिए कड़े निर्देश, अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष जोर

UP Police Constable Recruitment Exam

UP Police Constable Recruitment Exam

लखनऊ। UP Police Constable Recruitment Exam: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आरक्षी भर्ती परीक्षा की शुचिता व गोपनीयता से समझौता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग को रियायती किराए पर अंतरजिला बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि छह जून को भर्ती परीक्षा का पूर्वाभ्यास कर कमियों को दूर किया जाए।

बुधवार को उन्होंने अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आठ, नौ व 10 जून को होने वाली आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा की तैयारियों व कानून व व्यवस्था की समीक्षा की।

कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की जाए। परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।

सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अफवाह व भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाए और दुष्प्रचार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि यह परीक्षा लाखों युवाओं की आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़ी है। इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक कठिनाई या परेशानी का सामना न करना पड़े।

साथ ही कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था की जाए, जिससे एक भी अभ्यर्थी को धूप में खड़ा न रहना पड़े। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती परीक्षा को लेकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें, जिससे अभ्यर्थियों के मन में व्यवस्था के प्रति संतोष और विश्वास का भाव उत्पन्न हो।

इससे पहले भर्ती बोर्ड के महानिदेशक एसबी शिरोडकर ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरक्षियों के 32679 पदों के लिए दो पालियों में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है।