Volvo bus collides with police vehicle in Moga, Punjab, injuring 5 policemen

पंजाब के मोगा में वोल्वो बस ने पुलिस गाड़ी को मारी टक्कर, 5 पुलिसकर्मी घायल

undefined

Volvo bus collides with police vehicle in Moga, Punjab, injuring 5 policemen

 

मोगा (पंजाब)। पंजाब के मोगा जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक निजी वोल्वो बस ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे के बाद पीछे से आ रही कई अन्य गाड़ियाँ भी बस से टकरा गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह दुर्घटना मोगा के अजीतवाल क्षेत्र में किल्ली चाहल गांव के पास हुई, जो आम आदमी पार्टी की ‘युद्ध नशा विरुद्ध फेस टू’ रैली स्थल से कुछ ही दूरी पर है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय पुलिसकर्मी रैली में ड्यूटी देने के लिए पहुंचे थे और अपनी गाड़ी पार्क कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार वोल्वो बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

जयपुर से लुधियाना जा रही थी बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निजी वोल्वो बस जयपुर से लुधियाना की ओर जा रही थी। वहीं, घायल पुलिसकर्मी जालंधर से मोगा में आयोजित रैली में ड्यूटी देने पहुंचे थे। जैसे ही वे अजीतवाल के किल्ली चाहल गांव के पास अपनी गाड़ी खड़ी करने लगे, तभी बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रही कुछ अन्य गाड़ियां भी बस से भिड़ गईं। हालांकि बस और अन्य वाहनों में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घायलों को निजी अस्पताल में कराया भर्ती

हादसे में घायल पांचों पुलिसकर्मियों को तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या चालक से कोई चूक हुई।

रैली स्थल के पास हुआ हादसा

गौरतलब है कि यह हादसा आम आदमी पार्टी की ‘युद्ध नशा विरुद्ध फेस टू’ रैली स्थल के नजदीक हुआ, जहां सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात था। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।