Viksit Bharat is a National Mission

विकसित भारत राष्ट्रीय संकल्प, हर नागरिक और संस्था की भागीदारी जरूरी: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

pp

Viksit Bharat is a National Mission

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कहा कि 'विकसित भारत' का संकल्प एक राष्ट्रीय संकल्प है, जिसमें देश के प्रत्येक नागरिक और संस्था को सहयोग करना होगा। 

हरियाणा विधानसभा में कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) इंडिया रीजन जोन-II नॉर्थ जोन कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करते हुए श्री बिरला ने कहा कि नीतियाँ, योजनाएँ और बजट ऐसे हों जो समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाएं। उन्होंने विधायकों को जनकल्याणकारी पहलों के जरिए धरातल पर परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

श्री बिरला ने कहा कि आज भारत स्थिर, मजबूत कानूनी ढांचे और दीर्घकालिक नीतियों के बल पर आगे बढ़ रहा है। दुनिया भारत की ओर नई आशा से देख रही है। उन्होंने आह्वान किया कि देश में ऐसा जनआंदोलन खड़ा हो जिससे हर नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान महसूस करे। 

युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत  
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि कभी चुनौती मानी जाने वाली युवा आबादी आज हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसके लिए कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार पर जोर देना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि विधानमंडलों में बनने वाले कानून नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुरूप होने चाहिए।

जनभागीदारी से बदलेगा समाज  
जनसंवाद के महत्व पर जोर देते हुए श्री बिरला बोले कि सदन में होने वाली चर्चाएँ राष्ट्रहित से प्रेरित हों और जनता की सहभागिता बढ़े। जितनी जनभागीदारी होगी, सामाजिक परिवर्तन उतना ही व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शी कानूनी ढांचा निवेश की संभावनाएँ बढ़ाता है।

12 राज्यों के स्पीकर शामिल  
दो दिवसीय सम्मेलन में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पीठासीन अधिकारी शामिल हुए। 

इससे पहले श्री बिरला ने हरियाणा विधानसभा में 'पार्लियामेंट्री रिसर्च एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर' का उद्घाटन किया। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से भी भेंट की। सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों के लिए ई-बसों की व्यवस्था की गई थी।