सलमान खान ने छात्रों के समर्थन में उठाई आवाज; विरोध प्रदर्शन पर बोले- इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक न किया जाए, दुख है कि हिंसा हुई
Actor Salman Khan Support Student Protest For Reforms Education System
Salman Khan Support Student Protest: पेपर लीक के खिलाफ धरने पर बैठे युवा-छात्र प्रदर्शनकारियों के लिए बॉलीवुड से भी आवाज उठ रही है. छात्रों पर पुलिस की लाठीचार्ज और आसू गोले छोड़ने की कार्रवाई का भी विरोध किया जा रहा है. इसी कड़ी में अब दिग्गज अभिनेता सलमान खान ने छात्रों के समर्थन में बयान जारी किया है. सलमान का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस बयान के लिए उनकी सराहना की जा रही है.
सलमान खान ने कहा कि देश में एजुकेशन अगला ट्रेंड और फैशन होना चाहिए. उन्होंने छात्रों के इस स्टैंड की तारीफ की है कि वे देश में शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए आगे आये. वहीं सलमान ने यह भी कहा कि एक बेहद शांतिपूर्ण आंदोलन का हिंसक मोड़ लेना, यह देखकर बेहद दुख होता है. यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए. इसका श्रेय सिर्फ़ और सिर्फ़ हमारे देश के छात्रों को ही मिलना चाहिए.
छात्रों और दिल्ली पुलिस की झड़प पर बोले
सलमान खान ने अपने X पोस्ट में लिखा, ''यह बहुत शांतिपूर्ण आंदोलन था, बहुत दुख है कि इसे हिंसक मोड़ लेना पड़ा. मेरा दिल उन स्टूडेंट्स और उनके परिवारों के लिए दुखी है जिन्हें चोट लगी. पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है, और मुझे यह जानकर खुशी हुई कि हमारे देश के बच्चे एक बेहतर एजुकेशन सिस्टम के लिए एक साथ आए हैं, और उनके माता-पिता ने उनका साथ दिया.''
छात्रों के स्टैंड की तारीफ
सलमान ने आगे कहा, ''मैं सच में छात्रों के स्टैंड की तारीफ करता हूं, जिसमें उन्होंने मेहनत से पढ़ाई करने और अपना भविष्य और एक बेहतर, शिक्षित भारत बनाने के लिए लगन, ईमानदारी और इच्छा दिखाई है. यह आंदोलन, यह विरोध, इसके बारे में जाने का सही तरीका है, और स्टूडेंट्स ने यह शांति से किया है. वह बहुत हिम्मत वाले और बहादुर हैं. शिक्षा के प्रति प्रेरित और मोटिवेटेड, यह पीढ़ी भारत को गर्व महसूस कराएगी.''
राजनीतिक रूप से हाईजैक न हो छात्रों का आंदोलन
सलमान ने कहा, ''यह मुद्दा स्टूडेंट्स और एजुकेशन सिस्टम के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए, इसका क्रेडिट सिर्फ हमारे देश के स्टूडेंट्स को जाना चाहिए, और मुझे यकीन है कि सरकार भी उन्हें पूरा सपोर्ट देगी और इसे एक मजबूत एजुकेशन सिस्टम बनाएगी. यह विन-विन सिचुएशन है. एक पॉजिटिव फैसले की उम्मीद और प्रार्थना कर रहा हूं. भगवान आप सभी का भला करे जो शिक्षित होना चाहते हैं.''
इंडिया एक एजुकेशनल हब बने
अंत में सलमान खान ने कहा, ''एजुकेशन अगला ट्रेंड और फैशन होना चाहिए, और साल दर साल इसे और ट्रेंडी और फैशनेबल होना चाहिए, इतने बाहर से लोग पढ़ाई करने के लिए इंडिया आएं और इंडिया एक एजुकेशनल हब बन जाए.'' बता दें कि इससे पहले बॉलीवुड की कई हस्तियां छात्रों के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए नजर आईं हैं. कई सेलिब्रेटी जंतर-मंतर पर छात्रों के धरना प्रदर्शन में शामिल होने भी पहुंचे.
It was such a peaceful movement, feel so sad that it had to take a violent turn. My heart goes out to the students and their families who were hurt. Paper leak is a very serious issue, and I am glad to know n see that the kids of our country have come together for a better…
दिल्ली में CJP का प्रदर्शन हुआ तेज
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में युवा-छात्र पेपर लीक से परेशान होकर और शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए पिछले 34 दिन से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. युवा-छात्रों के दिल्ली प्रदर्शन का असर राजधानी से बाहर पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में भी देखा जा रहा है. वहीं एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 26 दिन से भूख हड़ताल पर हैं. वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं. जबकि दूसरी तरफ छात्रों के समर्थन में विपक्ष का प्रदर्शन भी जारी है. राहुल गांधी ने हाल ही में पीएम आवास का घेराव किया था. जिसके बाद वह हिरासत में भी लिए गए थे.