नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा, पर्यटकों से भरी टैक्सी 40 मीटर गहरी खाई में गिरी; चालक समेत दो घायल

1000268460

Major road accident in Nainital; taxi carrying tourists plunges

नैनीताल। शहर के समीपवर्ती ज्योलीकोट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर टैक्सी वाहन खाई में गिर गया। हादसे में लखनऊ के एक पर्यटक समेत चालक चोटिल हो गया।

सूचना के बाद पहुंची पुलिस एसडीआरएफ की टीम ने वाहन सवार पर्यटकों को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 से उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया गया है।

लखनऊ के सैलानी थे सवार

जानकारी के मुताबिक गोमतीनगर लखनऊ निवासी निखिलेंद्र सिंघल अपने दोस्त सिद्धार्थ प्रताप सिंह, निखिल त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह, आदर्श मिश्रा घूमने के लिए नैनीताल आये थे। गुरुवार को सभी वापस लौट रहे थे। सभी दोस्त तल्लीताल में टैक्सी वाहन में सवार हो गए। जिसे हल्द्वानी निवासी संग्राम सिंह चला रहा था।

 

वाहन ज्योलीकोट नंबर वन बैंड से कुछ आगे पहुंचा ही था कि हल्के बैंड में गति अधिक होने के कारण चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर पाया। सड़क किनारे रखे पत्थरों बसे टकराकर वाहन करीब 40 मीटर नीचे खाई में चला गया। जिससे वाहन सवारों की चींख पुकार मच गई।

 

हादसे में चालक संग्राम सिंह, और निखिलेंद्र सिंह गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जबकि अन्य को मामूली चोटें आयी है। सूचना के बाद पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और वाहन में फंसे पर्यटकों को बाहर निकाला। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि घायलों को 108 से हल्द्वानी भेज दिया गया है।