NEET पेपर लीक विवाद पर टिहरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

1000268776

Congress protests in Tehri over NEET paper leak controversy

नई टिहरी। Congress protests in Tehri over NEET paper leak controversy, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित अभद्रता के विरोध में जिलेभर में प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। जिससे नीट पेपर लीक की निराशा में जान गंवाने वाले दिवगंत छात्रों को न्याय मिल सके।

नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे व दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी थौलधार की ओर से गुरुवार को विकासखंड मुख्यालय के कंडीसौड़ बाजार तिराहे पर प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई।

कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास भी किया। लेकिन मौके पर मौजूद उप निरीक्षक दीपक रावत के नेतृत्व में थाना छाम पुलिस ने पुतला जब्त कर लिया। जिसे कांग्रेसियों ने लोकतंत्र की हत्या करार दिया। कहा कि भाजपा शासनकाल में लोकतांत्रिक ढंग से विरोध प्रदर्शन करना भी मुश्किल हो गया है।

भाजपा सरकार पुलिस को आगे कर तानाशाही पर उतर आई है। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीपाल सिंह पंवार, विजय सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान शूरवीर सिंह राणा, विरेंद्र अग्निहोत्री, चमनलाल, हुकम दास, अरविंद बरोली, दिनेश कोहली, मूर्ति लाल, बुद्धि आर्य, दिलमा देवी, पुष्कर सिंह चौहान, प्यारी देवी आदि मौजूद रहे।

उधर, नरेंद्रनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री व भारत सरकार का पुतला दहन कार्यक्रम को पुलिस ने रोका दिया। जिस कारण पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खींचातानी भी देखने को मिली।

पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि जिस बर्बरता से जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार व लाठी चार्ज जैसी घटना सामने आई है, उसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

कार्यकर्ताओं ने तहसील से बस अड्डे तक पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज किया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी, पूर्व सभासद मनवीर सिंह नेगी, सूरत सिंह आर्य, दिनेश कुमार, मानवेंद्र सिंह रागढ़, अरविंद रावत, रविंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।

घनसाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जनआक्रोश रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और बैरियर चौक पर सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ता तिलवाड़ा मोटर मार्ग से एकत्र होकर हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर बैरियर चौक तक पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई। पूर्व विधायक भीम लाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी से वर्षों तक तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है, जबकि सरकार दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरियर चौक पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शशांक जोशी, जसवीर नेगी, लक्ष्मी जोशी, नित्यानंद कोठियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।