उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने 24 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, पेयजल, नदी पुनर्जीवन और धार्मिक स्थलों को मिलेगा लाभ

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने 24 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, पेयजल, नदी पुनर्जीवन और धार्मिक स्थलों को मिलेगा लाभ

1000032218

Uttarakhand: Chief Minister Dhami approves development

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में पेयजल, सीवेज, नदी पुनर्जीवन, पर्यावरण संरक्षण, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण तथा धार्मिक एवं शैक्षिक अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, चंपावत, अल्मोड़ा और ऊधमसिंहनगर सहित कई जिलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

200 हैंडपंपों का निर्माण

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये, रुड़की शहर की सीवेज व्यवस्था के लिए 3.16 करोड़ रुपये तथा न्यू हरिद्वार माडल कालोनी और गोविंदपुरी में क्षतिग्रस्त पेयजल वितरण पाइपलाइन के प्रतिस्थापन के लिए 4.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

प्रदेश की जिला स्तरीय प्रयोगशालाओं में जल गुणवत्ता एवं अन्य मानकों की जांच को अधिक आधुनिक बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की प्रयोगशालाओं के लिए आटोमैटिक एनालाइजर सिस्टम की खरीद को 2.54 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।

पर्यावरण संरक्षण के तहत देहरादून जिले की सौंग नदी की सहायक गडूल नदी के पुनर्जीवन एवं उपचार कार्यों के लिए 6.02 करोड़ रुपये तथा उत्तरकाशी जिले की कमल गंगा नदी के पुनर्जीवन एवं उपचार कार्यों के लिए 4.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ओखलढूंगा झील के सुरक्षा एवं विकास कार्यों के लिए 74.38 लाख रुपये, नानकमत्ता में बंगाली कालोनी स्थित नवनिर्मित दुर्गा मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये तथा अल्मोड़ा जिले के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती माता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए 72.83 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

वहीं, हरिद्वार जिले के लालढांग न्याय पंचायत अंतर्गत लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कालेज की चहारदीवारी निर्माण के लिए 53.18 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।