ईरान से जंग के बीच अमेरिका का फाइटर जेट F-15 क्रैश; कुवैत के आसमान में भयानक मंजर, वीडियो तेजी से वायरल, देखिए
US Fighter Jet F-15 Crash in Kuwait During Iran War Breaking News
US F-15 Crash in Kuwait: ईरान के साथ इजरायल-अमेरिका जंग का आज तीसरा दिन है। इस बीच कुवैत में अमेरिका का फाइटर जेट F-15 क्रैश होते देखा गया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, F-15 क्रैश होने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पायलट सुरक्षित बच गए हैं। हालांकि, अमेरिकी फाइटर जेट के क्रैश होने के पीछे की स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। सवाल यह है कि अमेरिकी फाइटर जेट F-15 किसी तकनीकी खामी से क्रैश हुआ या फिर ईरान ने F-15 को निशाना बनाया है?
इधर फाइटर जेट के क्रैश होने का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि आसमान में मौजूद F-15 में तेज आग लगी हुई है और वह हवा में गोल-गोल गोते खाते हुए नीचे की तरफ आ रहा है। इसके बाद जमीन पर गिरते ही ब्लास्ट हो जाता है। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे मंजर को अपने कैमरे में कैद किया। वीडियो में आसपास के लोग दहशत में भागते हुए भी देखे जा रहे हैं। बता दें कि अमेरिका का फाइटर जेट F-15 एक एड्वांस्ड वॉर प्लेन है। जिसे आसमान में जंगी तौर पर बेहद ताकतवर और क्षमतावान माना जाता है।
वीडियो
अमेरिकी ठिकानों/गतिविधियों को निशाना बना रहा ईरान
'अमेरिका-इजरायल' के हमले के बाद ईरान भी भीषण जवाबी कार्रवाई कर रहा है। जवाबी कार्रवाई के में ईरान ने एकसाथ बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, कतर, कुवैत, ओमान और जॉर्डन जैसे खाड़ी देशों में हमला कर अमेरिकी सैन्य ठिकानों और गतिविधियों को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया है। ईरान ने इन देशों में ताबड़तोड़ मिसाइलें दागी हैं। साथ ही हमले के लिए ईरानी ड्रोन्स का इस्तेमाल किया गया है।
सबसे ज्यादा बहरीन और UAE में ईरानी हमलों से नुकसान हुआ है। खासकर आबू धाबी और दुबई में कई इमारतों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। ईरान से हो रहे हमलों के चलते दुनिया के सबसे सुरक्षित शहर माने जाने वाले दुबई में इस समय एकदम सन्नाटा छाया हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा के लिए बंकरों में पनाह ले रहे हैं। दुबई एयरपोर्ट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट के पास भी ईरानी हमलों के धमाके हो रहे हैं।