UP T20 League 2026 to Be Held

यूपी टी-20 लीग 2026 पहली बार दो शहरों में, लखनऊ और कानपुर करेंगे मेजबानी

undefined

UP T20 League 2026 to Be Held

लखनऊ: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण का आयोजन पहली बार दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में कराने की घोषणा की है। यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी के बाद टूर्नामेंट 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। कुल 24 दिनों में 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच दिवस शामिल होंगे।

टूर्नामेंट का पहला चरण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होगा, जहां 22 मुकाबले खेले जाएंगे। दूसरा चरण ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां 12 मैच होंगे। उद्घाटन समारोह और पहला मैच लखनऊ में, जबकि फाइनल मुकाबला और समापन समारोह कानपुर में होगा।

यूपीसीए ने बताया कि सीजन-4 की मिनी नीलामी 24 जुलाई को आगरा में आयोजित की जाएगी। छह फ्रेंचाइजी के लिए 45 खिलाड़ियों के स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। परिषद ने रिटेंशन नियम, खिलाड़ी चयन प्रक्रिया, कैचमेंट एरिया ट्रायल और सपोर्ट स्टाफ चयन से जुड़े दिशा-निर्देशों को भी मंजूरी दी है।

स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कैचमेंट एरिया मॉडल को जारी रखा जाएगा, जिससे प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लगातार एक बार फिर लीग के ब्रांड एंबेसडर होंगे और लीग का आधिकारिक एंथम 'खिलाड़ी यहाँ बनता है' भी जारी रहेगा।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष भी कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को एक करोड़ रुपये, उपविजेता को 60 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही यूपीसीए ने 'हर बाउंड्री, एक नई हरियाली' अभियान की भी शुरुआत की है, जिसके तहत टूर्नामेंट में लगने वाले प्रत्येक चौके और छक्के के बराबर संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पौधे लगाए जाएंगे।