यूपी रेरा का बड़ा धमाका: नए वित्त वर्ष में ₹32 अरब की 11 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी; लखनऊ-नोएडा में बढ़ेंगे आशियाने
UP RERA's Major Announcement
लखनऊ। UP RERA's Major Announcement, नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने लखनऊ की दो सहित प्रदेश की 11 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूर किया है। 32 अरब 12 करोड़ 63 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली योजनाओं से राज्य के रियल एस्टेट क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।
यूपी के नौ जिलों में स्वीकृत इन परियोजनाओं के माध्यम से 2914 आवासीय, वाणिज्यिक व मिश्रित प्रकार की इकाइयों जैसे फ्लैट, प्लाट, विला व कार्यालय स्थल विकसित होंगे।
यूपी रेरा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित प्राधिकरण की 199वीं बैठक की अध्यक्षता यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आवास की उपलब्धता बढ़ाना, वाणिज्यिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करना और विभिन्न जिलों में संतुलित विकास को प्रोत्साहित करना रहा। सभी स्वीकृत परियोजनाओं की समयसीमा और नियामकीय प्रविधानों के अनुपालन के लिए निगरानी की जाएगी।
इकाइयों की संख्या में गौतमबुद्ध नगर व निवेश में गाजियाबाद शीर्ष पर
निवेश में गाजियाबाद सबसे आगे रहा, जहां 11 अरब आठ करोड़ 69 लाख की अनुमानित लागत वाली आवासीय परियोजना में 568 इकाइयों का विकास होगा। इकाइयों की संख्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। 843.14 करोड़ की लागत वाली एक वाणिज्यिक परियोजना से 1,077 आइटी कार्यालय स्थल का विकास होगा
लखनऊ में 947.04 करोड़ की कुल लागत वाली दो परियोजनाओं के माध्यम से 815 इकाइयों का विकास होगा, इनमें एक आवासीय और एक मिश्रित प्रकार की परियोजना शामिल है। इससे राजधानी में आवासीय मांग और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
झांसी में 96.69 करोड़ की दो परियोजनाओं में 134 इकाइयों का विकास होगा। इनमें एक आवासीय और एक मिश्रित प्रकार की परियोजना शामिल है। आगरा में 47.86 करोड़ की लागत वाली एक आवासीय परियोजना के तहत 80 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। मथुरा में 55 करोड़ की लागत वाली एक आवासीय परियोजना में 86 आवासीय इकाइयां बनकर तैयार होंगी।
ऐसे ही मेरठ में 3.11 करोड़ की लागत वाली एक आवासीय परियोजना में 35 आवासीय इकाइयां होंगी। बरेली में 98.50 करोड़ की लागत वाली एक आवासीय परियोजना के तहत 100 आवासीय इकाइयों का विकास होगा।
फिरोजाबाद में 12.60 करोड़ की एक आवासीय परियोजना के माध्यम से 19 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। कुल 3,200 करोड़ से अधिक के निवेश से निर्माण चरण के दौरान बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।
यूपी रेरा के अध्यक्ष भूसरेड्डी ने कहा, प्राधिकरण प्रदेश में रियल एस्टेट परियोजनाओं के पारदर्शी व समयबद्ध क्रियान्वयन पर कार्य कर रहा है। नियामकीय प्रविधानों का सख्ती से पालन और स्वीकृत परियोजनाओं की निरंतर निगरानी से वह समय पर पूर्ण होंगी। बैठक में प्राधिकरण के सदस्य व वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।