Union Home Minister Amit Shah started the Games from Tau Devi Lal Stadium in Panchkula.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से की खेलों की शुरुआत

Union Home Minister Amit Shah started the Games from Tau Devi Lal Stadium in Panchkula.

Union Home Minister Amit Shah started the Games from Tau Devi Lal Stadium in Panchkula.

भव्य तरीके से हुआ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 का विधिवत आगाज

खेल भावना को सर्वोपरि रखें- मनोहर लाल

अलग-अलग प्रांतों से आए खिलाड़ी आपस में अपने विचार व संस्कृति का आदान प्रदान कर एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को करें साकार- मुख्यमंत्री

पंचकूला/चंडीगढ़, 4 जून- हरियाणा के साथ साथ देशभर के खिलाड़ियों का खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021  के लिए लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आज खत्म हुआ, जब केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की विधिवत रूप से शुरुआत की।  मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का उद्घाटन समारोह में हरियाणा आगमन के लिए स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है जब इतने बड़े खेल त्योहार की शुरुआत हुई है। उन्होंने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ-साथ हरियाणा खेल विभाग व अन्य टीमों की इस सफल आयोजन के लिए भूरी- भूरी प्रशंसा की।

खेल भावना को सर्वोपरि रखें - मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने इन खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को को संदेश देते हुए कहा कि खिलाड़ी खेल भावना को सर्वोपरि रखें और मन लगाकर खेलें। खेल में हार-जीत ज्यादा महत्व नहीं रखती, महत्व इस बात का है कि आप कैसा खेले और कैसे खेले। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही बहुत महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि वे कामना करते हैं कि खिलाड़ी अपने जीवन में नित नई ऊँचाइयां हासिल कर नए आयाम स्थापित करें। इस प्रतियोगिता से निश्चय ही सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। मुझे विश्वास है कि देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ी इस प्रतियोगिता से मीठी और अनमोल यादें साथ लेकर जाएंगे। भविश्य में यही यादें उन्हें फिर से हरियाणा में आने के लिए प्रेरित करेंगी।

उन्होंने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आप सभी अलग-अलग प्रांतों से यहां आए हैं सभी आपस में अपने विचार संस्कृति का आदान प्रदान करें इसे एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपने को और बल मिलेगा।

4 जून से 13 जून तक 8500 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना जौहर

श्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर हमारे खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों और प्रदेश में मौजूद मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए ही केन्द्र सरकार ने हरियाणा को ‘खेलो इण्डिया-2021’ की मेजबानी करने का दायित्व सौंपा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि खेलो इण्डिया-2021 की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 5 स्वदेशी खेलों सहित कुल 25 खेलों के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 8500 खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न खेलों में अपना जौहर दिखाएंगे। आज से शुरू होकर 13 जून तक चलने वाले इन खेलों का आयोजन पंचकूला के साथ-साथ अम्बाला, शाहबाद, दिल्ली और चंडीगढ़ में भी होगा।

उन्होंने कहा कि ‘खेलो इण्डिया गेम्स’ में हरियाणा के मस्कट का नाम ‘धाकड़’ रखा गया है। जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दिल्ली में आयोजित पहली खेलो इण्डिया प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 102 पदक जीतकर देश में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। खेलो इंडिया-2019 में हरियाणा ने 178 पदकों के साथ और 2020 में 200 पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्थान भले ही बदलते रहे हों, लेकिन हमारे पदकों की संख्या हर बार बढ़ती रही है।

खिलाड़ियों के लिए किये गए हैं विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 3-स्टार होटलों तथा खाने के लिए उच्च गुणवत्ता के पौष्टिक आहार का प्रबंध किया गया है। खिलाड़ियों को होटल से आयोजन स्थल तक लाने-ले जाने के लिए उचित प्रबंध किया गया है। हर पल-हर स्थल की जानकारी देने के लिए साइन बोर्ड, इश्तिहार, गाइड मैप इत्यादि लगाए गए हैं, ताकि खिलाड़ियों और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को कोई असुविधा न हो।

हरियाणा की शानदार उपलब्धियां

श्री मनोहर लाल ने कहा कि खेल हरियाणा की संस्कृति में ही रचे-बसे हैं। हमारा समाज खिलाड़ियों का अपने स्तर पर पालन-पोशण करता आया है और उनकी उपलब्धियों पर भी पूरे गांव और समाज ने गौरवान्वित महसूस किया है। इसी खेल संस्कृति के चलते यहां खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और हमारे खिलाड़ियों ने ओलंपिक व अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।

राज्य में बना बेहतरीन खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खेलों के लिए बेहतरीन खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। खेलों में चोट लगने की सम्भावना बनी रहती है। इस बात को गम्भीरता से लेते हुए ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कंपलेक्स में राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र (एस.टी.आर.सी.एस.) की स्थापना की पहल की है। इस केन्द्र में वैज्ञानिक खेल प्रशिक्षण, खेल चोट पुनर्वास और खेल फिजियोथेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला करनाल, हिसार, रोहतक और गुरुग्राम में भी ऐसे केंद्र खोले जाएंगे। इसके अलावा, 4 खेल छात्रावास भी स्थापित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज, बिजली मंत्री श्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जय प्रकाश दलाल, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता, सांसद श्री रतनलाल कटारिया, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री रणबीर सिंह गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री श्री ओम प्रकाश यादव, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा, खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश धनखड़, मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल और श्रीमती सुजाता चतुर्वेदी, सचिव, खेल विभाग, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के शुभारंभ की झलकियां

- खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 शुभारंभ का कार्यक्रम 1 घंटा 47 मिनट चला

- कार्यक्रम 7:55 से शुरू होकर 9:42 तक चला

- उद्घाटन समारोह में जय और विजय के साथ धाकड़ ने भी किया दर्शकों को भी आकर्षित

- अलग अलग प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक दिखी पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में

- कलाकारों ने नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम किए प्रस्तुत

- खेलो इंडिया के कार्यक्रम में चरम पर दिखा खिलाड़ियों का उत्साह

- खचा- खच भरे स्टेडियम में उत्साह से झूमे दर्शक

- सांस्कृतिक प्रस्तुति में दिखी हरियाणा के खिलाड़ियों, पुलिस, डॉक्टर, किसान और जवान की झलक

- खिलाड़ियों द्वारा किया गया योगासन व मलखम भी रहा आकर्षक का केंद्र

- खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 की मशाल अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंशु मलिक, सुमित अंतिल, अंजलि मलिक, संदीप नरवाल, उन्नति हुड्डा, सुहाना, योगेश्वर दत्त और मनीषा आदि खिलाड़ी लेकर ट्रैक पर दौड़े

ऋषभ चतुर्वेदी ने  देश भक्ति के गानो से बांधा समा