ऊना के चिंतपूर्णी में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार में जलकर दो की मौत
Tragic Road Accident in Una's Chintpurni
भरवाईं (ऊना)। Tragic Road Accident in Una's Chintpurni, हिमाचल प्रदेश में जिला ऊना के चिंतपूर्णी में एक कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। भरवाईं से होशियारपुर रोड पर स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही कार में आग लग गई। जब तक पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी पहुंचते, तब तक कार बुरी तरह से जल चुकी थी।
दुर्घटनास्थल पर एक व्यक्ति का शव कार के बाहर पड़ा हुआ था, जबकि एक का शरीर कार के भीतर ही जल गया। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों से अभी तक इस कार में दो लोगों के मरने की ही पुष्टि हुई है। कार का नंबर पीबी-10-के-7531 पंजाब के लुधियाना का पंजीकृत है।
हादसे का लाइव वीडियो भी सीसीटीवी कैमरा में कैद हुआ है। गाड़ी फिल्मी स्टंट की तरह सड़क से सीधे खाई में जा गिरी है।
आधार कार्ड में लुधियाना का पता
गाड़ी में मिले आधार कार्ड में एक व्यक्ति का पता ताजपुर रोड लुधियाना पंजाब का है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि कार सवार कौन लोग थे, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि वे मां चिंतपूर्णी के दर्शनों को आए थे और दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।
तीखे मोड़ व गहरी उतराई
जिस जगह यह दुर्घटना हुई है, वहां पर तीखे मोड़ हैं और गहरी उतराई है। कुछ वर्ष पूर्व यहां पर परिवहन निगम की बस भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। प्रशासन द्वारा सड़क के किनारे बेरिकेड्स लगाए गए हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि कार की गति तेज होगी।
टायर फटने की आशंका
बताया जा रहा है कि कार में आग लगने से पहले टायर में जोरदार धमाका हुआ था। ऐसे में क्यास लगाए जा रहे हैं कि गाड़ी का टायर फटने से यह हादसा हुआ।