Tragic Accident in Karnal: Speeding Truck

करनाल में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्राले ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर मौत

pp

Tragic Accident in Karnal: Speeding Truck

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला का पोता, जो मोटरसाइकिल चला रहा था, चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक महिला गांव कालराम की निवासी थी और अपने पोते के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घरौंडा बाजार घरेलू सामान लेने आई थी। दोपहर के समय जब दोनों खरीदारी के बाद वापस गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और ट्राले के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला का पोता बाइक चला रहा था और उसने अपनी दादी को सामने ही दम तोड़ते देखा, जिससे वह गहरे सदमे में है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

घटना की सूचना पर डायल 112 टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।