बुलंदशहर में नकली नोट छापने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, प्रिंटर और 26 हजार रुपये बरामद

बुलंदशहर में नकली नोट छापने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, प्रिंटर और 26 हजार रुपये बरामद

Three accused of printing fake currency notes

Three accused of printing fake currency notes

बुलंदशहर। पुलिस ने नकली नोट छापने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापकर छोटी दुकानों एवं पैंठ बाजारों में चलाते थे। पुलिस ने आरोपितों से 12 हजार रुपये के नकली नोट, 14 हजार रुपये के आधे छपे नोट, प्रिंटर, कागज, तीन मोबाइल फोन व एक बाइक बरामद की है।

आरोपितों के पास से 12 हजार के नकली नोट बरामद

थाना प्रभारी गंगा प्रसाद राजपूत ने बताया कि पैंठ बाजार में आए कुछ सब्जी विक्रेताओं ने पांच सौ के नकली नोट से सब्जी खरीदने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को सिंचाई विभाग कालोनी के पास से तीन आरोपित भूपेन्द्र यादव व कुंवरपाल निवासी उदयभान नगर थाना गुन्नौर जनपद संभल तथा राकेश यादव निवासी ग्राम भौना नंगला थाना जुनावाई जनपद संभल को गिरफ्तार किया।

प्रिंटर, कागज, तीन मोबाइल फोन और बाइक भी मिली

आरोपितों के पास से 500-500 के 12 हजार रुपये के नकली नोट व 14 हजार के 500-500 के आधे छपे नोट व अन्य सामान बरामद किया। आरोपितों ने बताया कि वह प्रिंटर के माध्यम से पांच सौ के नकली नोट छापते थे। दो वर्षों से विभिन्न स्थानों पर छोटी परचून की दुकान, सब्जी की दुकान व पशु पैंठ आदि में इन्हें चलाते थे। पुलिस ने आरोपितों का चालान कर दिया है।

ऋण लेकर नकली नोटों से चुकाने की कर रहे थे तैयारी 

आरोपित बैंक के साथ भी धोखाधड़ी करना चाहते थे। आरोपित भूपेन्द्र ने बताया कि वह बैंक से प्रापर्टी के नाम पर 50 लाख रुपये का ऋण लेने तथा ऋण चुकाने के दौरान नकली नोट बैंक में जमा करने की योजना बना रहे थे। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने हाल ही में भारतीय स्टेट बैंक में श्री श्याम प्रोपर्टी के नाम से करंट खाता खुलवाया था।