"एक्सप्रेसवे बनाना समाजवादियों ने सिखाया, भाजपा का गंगा एक्सप्रेसवे केवल अपनों की कमाई का जरिया" : अखिलेश यादव
"The Socialists taught how to build expressways
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर कहा कि भाजपा सरकार में आधे-अधूरे एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। एक्सप्रेसवे बनाना तो समाजवादियों ने सिखाया है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे क्या होते हैं, कैसे बनाया जाता है। यह सबसे पहले समाजवादियों ने बनाकर दिखाया।
सपा सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सबसे बेहतरीन एक्सप्रेसवे बना। यमुना एक्सप्रेसवे का उद्घाटन सपा की सरकार में हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की डिजायन समाजवादी सरकार में बनी। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे अपनों की कमाई के लिए बनाया गया है। उसके किनारे मंडियां नहीं है।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के पास जनता का समर्थन नहीं बचा है। इनकी रैलियों में आने जाने वाली आम जनता नहीं है। बसों में सरकारी कर्मचारी लाये जाते हैं। डीएम और एसपी बसों को झंडी दिखा रहे हैं। भाजपा सरकार के दिन अब नहीं बचे। बुरे दिन जाने वाले हैं। महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि गाजीपुर की पुलिस और दबंग लोग सच्चाई बाहर नहीं आने देना चाहते थे। कई घटनाओं का जिक्र कर कहा कि पिछले नौ साल से सरकार, भाजपा और प्रशासन मिलकर घटनाओं को छिपा रहे हैं। महिलाएं और बेटियां भाजपा संगठन में भी सुरक्षित नहीं है।
बंगाल में ममता बनर्जी की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में प्रशासन के बराबर में एक पूरा स्ट्रक्चर खड़ा कर दिया है। उन अधिकारियों को लगाया गया है, जिनको भाजपा ने लाभ दिया है। भाजपा ने रामपुर और संभल में जो किया, उसी तरह बंगाल में करना चाहती है।
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता के गुस्से और चुनाव के डर से भाजपा स्मार्ट मीटर वापस लेगी। शिक्षा व्यवस्था चौपट है। 41 हजार प्राइमरी स्कूलों में कोई एडमिशन नहीं हुआ है। कैंसर इंस्टीट्यूट में जिसे निदेशक बनाया है, वह सिर्फ एक-दो घंटे जाते है, बाकी दिन भर भाजपा का प्रचार करते हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार के लिए कंपनियों को हायर किया है। विपक्ष के खिलाफ ट्वीट करने के लिए पैसे दिए जा रहे हैं। चुनावी सर्वे पर कहा कि जब विधानसभा के प्रत्याशी ही नहीं घोषित हुए है तो कैसा सर्वे? अभी तो भाजपा तमाम विधायकों की टिकट काटेगी।