'AI समिट को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया...', कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर PM मोदी का वार
PM Modi's attack on Congress's Shirtless Protest
PM Modi's attack on Congress's Shirtless Protest: मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस गंदी राजनीति कर रही है। कांग्रेस वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है। एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एआई समिट समारोह स्थल पर विदेशी डेलीगेट्स के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। कांग्रेस वालों को देश तो जानता है कि पहले से ही नंगे हैं, तो कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी। कांग्रेस के लोगों ने जो कुछ किया वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी दिवालिया हो गई है। जिसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता है।
कांग्रेस को मोदी से नफरत है। ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। मेरी मां को गाली देते है। ठीक है आपकी राजनीति में यही करना जरूरी है। तो हम इसको भी सहन कर लेंगे। लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था। ये एआई समिट बीजेपी का कार्यक्रम नहीं देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। लेकिन अब पूरा देश कांग्रेस पर थू-थू कर रहा है। लेकिन कांग्रेस के नेता देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ऐसी हरकतें लगातार कर रही है। संसद में भी ये लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सदन को चलने नहीं दे रहे। वहां खुद परफॉर्म कर नहीं पा रहे हैं तो अपने साथियों को भी साथ में ले रहे हैं। उन्हें नहीं पता उनका कितना बड़ा नुकसान हो रहा है। दिल्ली में अभी उन्होंने जो नंगापन दिखाया, उनके साथियों ने कांग्रेस से किनारा कर लिया है।
एआई समिट पर हमें गर्व है
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ सियासी दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। अभी भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई समिट हुआ। जिसमें तमाम देशों के राष्ट्राध्यक्ष आए, लाखों लोग शामिल हुए। इससे पहले भारत में ऐसा सम्मेलन कभी नहीं हुआ। मैं मेरठ के लोगों से पूछता कि आपका सीना गर्व से चौड़ा हुआ या नहीं हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया। लेकिन कांग्रेस ने अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। देश में हुआ एआई समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं बल्कि देश का कार्यक्रम था। एआई समिट पर हमें गर्व है।
सपा पर हमलावर हुए पीएम मोदी
मेरठ में नमो भारत और मेट्रो का उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के साथ सपा को भी खूब लपेटा। उन्होंने कहा, 2017 से पहले यूपी में जंगलराज था। सपा सरकार में अपराधियों का बोलबाला था। पश्चिमी यूपी में आए दिन घटनाएं होती थीं, लेकिन योगी जी के आने के बाद यूपी की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। सपा राज में जो अपराधी बेखौफ घूमते थे वह आज जेला में दिन बिता रहे हैं। आज किसी की हिम्मत नहीं है कि कॉलेज से पढ़कर निकल रही किसी बेटी का अपमान कर सके। जब कानून व्यवस्था सुधरती है तो व्यापार, कारोबार और दुकानदारी के लिए भी माहौल बनता है। इसलिए यूपी की अर्थव्यवस्था में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। आज यूपी को विकास के लिए जाना जा रहा है।
यूपी को ब्रह्मोस, मोबाइल फोन और एयरफोर्स के लिए लगातार बढ़ती सुविधाओं के लिए जाना जा रहा है। योगी के नेतृत्व में यूपी देश का बड़ा मैन्यूफैक्चरिंग हब बन गया है। यूपी की पहली सेमी कंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास करने का अवसर मिला है। यहां नए निवेश, नए रोजगार के लिए अद्भुत संभावनाएं बनेंगी। भाजपा की डबल इंजन सरकार ऐसे ही यूपी को देश की सबसे बड़ी इकोनॉम बनाने के लिए काम करती रहेगी। यूपी विकसित होगा तो भारत विकसित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
रविवार को मेरठ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन की सौगात दी। पीएम ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने भारत के 'नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम' (आरआरटीएस) के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया। इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का पांच किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ (दक्षिण) और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड भी शामिल है। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ नमो भारत देश की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएगें।