नारनौल जा रही AC बस खराब, न रिफंड मिला न AC बस का इंतजाम, यात्री घंटों परेशान
The AC bus going to Narnaul broke down, no refund was given
*डेराबस्सी:* चंडीगढ़ से नारनौल जा रही हरियाणा रोडवेज की एक AC बस शुक्रवार शाम अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर जवाहरपुर के पास खराब हो गई। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने न तो यात्रियों को पैसे रिफंड किए और न ही दूसरी AC बस का कोई इंतजाम किया।
ऐसे में परिवार और सामान के साथ सवारियों को जवाहरपुर में घंटों भारी परेशानी झेलनी पड़ी, जबकि कई यात्रियों के पास एक हजार रुपये तक की महंगी टिकटें थीं।
जानकारी के मुताबिक, जब यात्रियों ने दूसरी बस के इंतजाम के लिए रोडवेज प्रबंधन से बात की तो उन्होंने अगली बस भेजने से साफ इनकार कर दिया। ड्राइवर-कंडक्टर ने कहा कि वे पैसे रिफंड नहीं कर सकते, लेकिन अगर यात्रियों को जाना है तो वे उन्हें नॉन-AC बस में बिठा सकते हैं।
कंडक्टर ने स्पष्ट कहा कि न तो वे पैसे वापस करेंगे और न ही आगे के सफर के लिए AC बस का इंतजाम करवा सकते हैं। वे सिर्फ नॉन-AC बस में ही बिठा सकते हैं, वो भी उसी बस में जो इस रूट पर रुकेगी और जिसमें जगह खाली होगी।
इस पर यात्रियों ने आरोप लगाया कि हरियाणा रोडवेज की बसें उनके साथ खुलेआम लूट-खसोट कर रही हैं। धीरे-धीरे मामला बड़ी बहस में बदल गया। फिलहाल, बच्चों और सामान के साथ यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए घंटों दूसरी बसों का इंतजार करना पड़ा।