विकसित यूपी की मजबूत नींव: आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए 300 दिन पोषण की 'पक्की गारंटी'।
Strong foundation of developed UP
लखनऊ। Strong foundation of developed UP: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बाल पोषण के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश के सामने सशक्त उदाहरण पेश किया है। “पोषण 2.0” के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अब प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर 03 से 06 वर्ष की आयु के लगभग 36 लाख बच्चों को 'ताजा गर्म भोजन' (हॉट कुक्ड मील) उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की यह पहल केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे बच्चों की प्रारंभिक देखभाल और विकास की समग्र रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
300 दिन पोषण की पक्की गारंटी
इस योजना के तहत बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए साल में 300 दिन अनुपूरक पुष्टाहार सुनिश्चित किया गया है। व्यवस्था के अनुसार, माह में 25 दिन बच्चों को गर्म भोजन परोसा जाता है, जिसके लिए प्रति लाभार्थी प्रतिदिन 4.50 रुपये की दर से बजट निर्धारित है। योगी सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है ताकि पोषण की धनराशि का सीधा लाभ बच्चों तक पहुँचे और आंगनबाड़ी व्यवस्था की विश्वसनीयता बनी रहे।
अयोध्या से विस्तार: नामांकन में हुई वृद्धि
इस दूरदर्शी योजना का औपचारिक शुभारम्भ अगस्त 2022 में धर्मनगरी अयोध्या से किया गया था। पिछले साढ़े तीन वर्षों में इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे उत्तर प्रदेश में लागू कर दिया गया है। सरकार की इस सक्रियता का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के नामांकन और उपस्थिति, दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
विकसित प्रदेश की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानना है कि स्वस्थ बचपन ही 'विकसित उत्तर प्रदेश' का आधार है। बाल्यावस्था में पोषण की कमी बच्चों की शारीरिक और शैक्षिक प्रगति में बाधा न बने, इसके लिए हॉट कुक्ड मील योजना को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है। योजना के संचालन से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के निरंतर संकेत मिल रहे हैं, जो प्रदेश की एक नई और सेहतमंद तस्वीर पेश करते हैं।