यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती: योगी सरकार ने जारी किए नए नियम

यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती: योगी सरकार ने जारी किए नए नियम

Strict Measures for UP Board Exams

Strict Measures for UP Board Exams

Strict Measures for UP Board Exams: यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर योगी सरकार ने बड़ा आदेश जारी किया है। योगी सरकार ने बोर्ड में परीक्षार्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर परीक्षा लेने पर रोक लगाई है। साथ ही परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही परीक्षार्थियों की पूरी जांच के आदेश भी दिए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और वायस रिकार्ड की जांच होगी। खराब होने की स्थिति में इसकी सूचना तुरंत डीआईओएस के साथ उनके यहां बने कंट्रोल रूम को देनी होगी।

अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश भेज दिया है। इसमें कहा गया है कि किसी भी छात्रा की तलाशी पुरुष शिक्षक नहीं करेंगे। महिला शिक्षिकाएं ही छात्राओं की तलाशी कर सकेंगी। परीक्षा केंद्र पर जिस विषय का पेपर है उस विषय के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक किसी भी कीमत पर परीक्षार्थियों से अभद्र व्यवहार नहीं करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर वाह्य व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के दौरान केंद्र पर फोटोग्राफी व उसके संबंध में प्रेस व मीडिया को ब्रीफिंग भी नहीं होगी।

डीआईओएस को निर्देश

अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा ने शासनादेश जारी करते हुए सभी मंडलों के संयुक्त शिक्षा निदेशकों व डीआईओएस को निर्देश भेज दिए हैं। इसमें कहा गया है कि नकल पर ढंग से नकेल कसी जाए। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी। डीआईओएस तत्काल सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर खराब होने पर उसे तुरंत सही कराएंगे। सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर के बिना किसी भी कीमत पर परीक्षा नहीं होगी। शासन के इस निर्देश के बाद सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर के खराब होने का बहाना बनाकर परीक्षा केंद्रों पर नकल कराना मुश्किल होगा। परीक्षा की कापियां व प्रश्नपत्र भी इसकी निगरानी में ही रखे जाएंगे।

30 दिन तक सुरक्षित रखनी होगी डीवीआर की रिकॉर्डिंग

सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर के डीवीआर की रिकार्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण की रिपोर्ट रोजाना सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट जिलाधिकारी व डीआईओएस को देंगे। परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत वाह्य कक्ष निरीक्षकों की जांच करते हुए रिपोर्ट दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र के साथ ही कक्ष निरीक्षकों व परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के परिचय पत्र की भी जांच की जाएगी। परीक्षा कार्य में लगे कक्ष निरीक्षकों व कर्मियों के मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रानिक्स गैजेट केंद्र पर बाहर ही जमा कराए जाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकार्डर के सामने ही कापी पैकेट में पैक कर संकलन केंद्र को भेजी जाएगी। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर लिखेगा रोलनंबर

बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर अपना रोल नंबर व उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखना होगा। केंद्रव्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक की यह जिम्मेदारी होगी कि वह यह सुनिश्चित करे कि हर पृष्ठ पर परीक्षार्थी ने हर पृष्ठ पर रोलनंबर व उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखा है।