जल जीवन मिशन में लापरवाही पर सख्ती, सीएम योगी के कड़े निर्देश
Strict action against negligence in Jal Jeevan Mission
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को ठीक करने और गड्ढों को भरने के निर्देश दिए हैं। सभी डीएम को कहा है कि जल जीवन मिशन के तहत खोदाई का काम करते समय सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
काम पूरा होते ही गड्ढों को तत्काल भरा जाए। अधिकारी खुद मौके पर जाकर इसके अनुपालन की स्थिति देखें। काम समय से पूरा नहीं करने, अधूरा छोड़ने या इसमें लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं व ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाए और उनको ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में डीएम, जल जीवन मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर खोदी गई सड़कों व गड्ढों की स्थिति का पता करें। इनको तत्काल भरवाना भी सुनिश्चित करें। इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जल समाधान पोर्टल पर आपूर्ति, लीकेज व खोदाई से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के भी निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश में करीब 2.50 करोड़ से ज्यादा ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है।
विंध्य और बुंदेलखंड में लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति या मरम्मत संबंधित शिकायतों के लिए लोग 18001212164 टोल फ्री नंबर पर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।