Sports Ministry Suspends WFI| खेल मंत्रालय का एक्शन; भारतीय कुश्ती संघ को सस्पेंड किया, WFI अध्यक्ष संजय सिंह की मान्यता रद्द

खेल मंत्रालय का बहुत बड़ा एक्शन; भारतीय कुश्ती संघ को सस्पेंड किया, 3 दिन पहले WFI के नए अध्यक्ष बने संजय सिंह की मान्यता रद्द

Sports Ministry Suspends WFI Latest News Update

Sports Ministry Suspends WFI Latest News Update

Sports Ministry Suspends WFI: केंद्रीय खेल मंत्रालय ने एक बड़े एक्शन के साथ भारतीय कुश्ती संघ (Wrestling Federation Of India) को सस्पेंड कर दिया है। कुश्ती संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। जिसके बाद अब संजय सिंह WFI के अध्यक्ष नहीं रहे हैं। संजय सिंह के साथ-साथ चुने गए सभी पदाधिकारियों की मान्यता भी रद्द हो गई है। ध्यान रहे कि, 3 दिन पहले 21 दिसंबर को भारतीय कुश्ती संघ का चुनाव हुआ था। जिसमें पूर्व विवादित अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खेमे को जीत मिली थी। अपने करीबी संजय सिंह के WFI अध्यक्ष बनने पर बृजभूषण सिंह ने कहा था कि दबदबा है और दबदबा रहेगा... लेकिन खेल मंत्रालय ने 3 दिन बाद ही सारा दबदबा फुस्स कर दिया है।

खेल मंत्रालय ने WFI को क्यों सस्पेंड किया?

खेल मंत्रालय ने WFI को क्यों सस्पेंड किया है? इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि भारतीय कुश्ती संघ ने नियमों के खिलाफ जाकर फैसले किए। इसलिए खेल मंत्रालय ने यह कार्रवाई की। दरअसल, WFI के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह द्वारा इस साल के अंत से पहले नंदिनी नगर, गोंडा (UP) में अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की घोषणा की गई थी। माना जा रहा है कि, इसी घोषणा के बाद खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ को सस्पेंड करने का फैसला किया। बता दें कि, गोंडा पूर्व विवादित अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का क्षेत्र भी है और ऐसे में पहलवानों और लोगों का विरोध भी बढ़ सकता था।

WFI के सस्पेंड होने पर संजय सिंह ने क्या कहा?

केंद्रीय खेल मंत्रालय द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर लिए गए इस एक्शन पर संजय सिंह का कहना है कि, वह इस फैसले से आश्चर्य में हैं लेकिन उन्हें अभी तक इस बारे में खेल मंत्रालय से कोई पत्र नहीं मिला है। संजय सिंह ने कहा कि पहले मुझे पत्र देखने दीजिए, मैं खेल मंत्रालय से इस बारे में बात करूंगा और पूछूंगा कि ऐसा क्यों किया गया है। उसके बाद ही मैं कोई टिप्पणी करूंगा।

Sports Ministry Suspends WFI Latest News Update
Sports Ministry Suspends WFI Latest News Update

 

पहलवान बजरंग पुनिया ने लौटा दिया था 'पद्मश्री'

बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के WFI अध्यक्ष बनने पर देश के नामी पहलवान बजरंग पुनिया ने हाल ही में अपना पद्मश्री पुरस्कार पीएम मोदी को लौटा दिया था। बजरंग पुनिया ने यह बड़ा कदम  बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ रोष में उठाया था। पुनिया का कहना है कि, महिला पहलवानों को यौन शोषण के मामले में न्याय नहीं मिला। इसके अलावा अब बृजभूषण शरण सिंह का करीबी सदस्य कुश्ती संघ (WFI) का नया अध्यक्ष बन गया है। ऐसे में बृजभूषण शरण सिंह की सक्रियता भारतीय कुश्ती संघ (WFI) में बरकरार रहेगी। ऐसे में मैं इस सम्मान के बोझ तले नहीं जी सकता।

साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का ऐलान कर दिया

बजरंग पुनिया से पहले पहलवान साक्षी मलिक ने उसी दिन कुश्ती छोड़ने का ऐलान कर दिया जिस दिन बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह को WFI अध्यक्ष चुना गया। साक्षी मलिक ने प्रेस वार्ता की थी और इस दौरान वह अपना बयान देते हुए काफी रोते हुए दिखीं थीं। साक्षी मलिक का कहना था कि, हम 40 दिनों तक सड़कों पर सोए और देश के कई हिस्सों से बहुत सारे लोग हमारे समर्थन में आए लेकिन अब जब बृजभूषण सिंह के बिजनेस पार्टनर और करीबी सहयोगी को WFI का अध्यक्ष चुन लिया गया है, तो मैं आज से कुश्ती छोड़ रही हूं...

बृजभूषण सिंह पर यौन शोषण का आरोप

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहते बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण का आरोप है। इसी साल जनवरी में महिला पहलवानों ने दिल्ली में बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। महिला पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को बृजभूषण सिंह पर एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था और महिला पहलवानों को निचली अदालत में जाने को कहा था। जिसके बाद महिला पहलवानों की सुनवाई दिल्ली की राउज ऐवेन्यू कोर्ट में शुरू हुई थी। वहीं दिल्ली पुलिस ने जांच करते हुए कोर्ट में दिल्ली की राउज ऐवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। जिसके बाद कोर्ट ने बृजभूषण सिंह को जमानत दे दी थी।