SKM Punjab Announces Statewide

अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के विरोध में 22 जुलाई को पंजाब के सभी टोल फ्री करेगा संयुक्त किसान मोर्चा

pp

SKM Punjab Announces Statewide

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) पंजाब ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) और मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में 22 जुलाई को राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। मोर्चा ने घोषणा की है कि इस दिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पंजाब के सभी टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे और विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कॉर्पोरेट घरानों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से देश के बड़े बाजार को विदेशी निवेशकों के लिए खोल रही है। उनका कहना है कि ऐसे व्यापार समझौते घरेलू बाजार और भारतीय अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालेंगे, जिसका सबसे अधिक नुकसान किसानों, डेयरी क्षेत्र और आम जनता को उठाना पड़ेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा ने दावा किया कि सरकार विदेशी व्यापार समझौतों के जरिए कृषि और डेयरी क्षेत्र को विदेशी प्रतिस्पर्धा के लिए खोल रही है, जिससे भारतीय खेती और उससे जुड़े सहायक व्यवसायों पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

इन्हीं मुद्दों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने 22 जुलाई को पूरे पंजाब में टोल प्लाजा मुक्त करने और भाजपा नेताओं के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। किसान संगठनों ने कहा कि यदि सरकार ने अपनी नीति पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।