"सिद्धार्थनगर: नेता प्रतिपक्ष पांडेय ने किसानों का कर्ज माफ करने और MSP कानूनी गारंटी की मांग की"
"Siddharthnagar: Leader of Opposition Pandey demands
सिद्धार्थनगर। नेता प्रतिपक्ष एवं इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की नीतियों से किसान आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ किया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई किसानों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पड़े हैं। किसानों के हित में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने की भी मांग की।
नेता प्रतिपक्ष खेसरहा ब्लाक क्षेत्र के छपवा में आयोजित समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय किसान-नौजवान सम्मेलन के समापन अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीलम ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते किसानों की स्थिति दयनीय हो गई है।
उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी देने की मांग उठाई। आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध बढ़े हैं, जिससे आमजन परेशान हैं। किसान, मजदूर और नौजवान सभी वर्ग संकट का सामना कर रहे हैं तथा बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी, पूर्व विधायक अयोध्या प्रसाद, जयशंकर पांडेय, राजमणि पांडेय, जिलाध्यक्ष लालजी यादव, अमर सिंह चौधरी, विधायक सैयदा खातून सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।