अवैध खनन माफिया पर करारा प्रहार: नदी किनारे छापेमारी कर पकड़े 5 वाहन
Severe Blow to Illegal Mining Mafia
अर्थ प्रकाश संवाददाता
पंचकूला। Severe Blow to Illegal Mining Mafia: पंचकूला पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए माफियाओं की कमर तोड़ दी है। जिला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से अवैध खनन में संलिप्त 5 वाहनों को जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात रायपुर रानी थाना की टीम ने एसएचओ प्रीतम सिंह की अगुवाई में नटवाल गांव के समीप बहने वाली टांगरी नदी के पास अचानक छापेमारी की। इस रेड के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध खनन सामग्री से लदे 1 टिप्पर, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व 1 जेसीबी को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक माइनिंग से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर देर रात ही मौली चौकी में खड़ा करवा दिया।
इसी कड़ी में एक और कार्रवाई पिंजौर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अमरावती चौकी द्वारा अमल में लाई गई। सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने देर रात गश्त के दौरान बुर्जकोटियां गांव के पास नदी क्षेत्र में दबिश दी और वहां से अवैध माइनिंग में लगा एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद किया। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा कि इन सभी वाहनों के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए माइनिंग विभाग को सूचित कर दिया था, जिसके बाद विभाग ने सभी 5 वाहनों को इंपाउंड कर लिया है। सभी जोन में चैकिंग कड़ी कर दी है। रात के समय विशेष नाकेबंदी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि अवैध माइनिंग करने वालों पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध खनन की गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला की प्राकृतिक संपदा का दोहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीमें हाई-टेक कैमरों और निरंतर गश्त के जरिए जिले के हर संवेदनशील माइनिंग जोन पर पैनी नजर रख रही हैं। अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी एक बड़ा खतरा है। जो भी कानून की अवहेलना करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।