मैक्लोडगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, संदिग्ध गतिविधियों के बाद पुलिस अलर्ट; होटल और टैक्सी संचालकों को जारी हुए निर्देश
Security tightened in McLeodganj
Security tightened in McLeodganj;हिमाचल के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। कुछ स्थानों पर विदेशी झंडे लगाए जाने और इजरायल विरोधी नारे लिखे मिलने की घटनाओं के बाद कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को मैक्लोडगंज में होटल एसोसिएशन और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन में कानून-व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा।होटल, होम-स्टे और गेस्ट हाउस संचालकों को विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना निर्धारित समय के भीतर 'सी-फॉर्म' के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान समय पर हो सके। होटल परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने और सभी 'ब्लाइंड स्पॉट' को भी कैमरे की निगरानी में लाने के निर्देश दिए गए।
पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार की अपील
टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों को पर्यटकों के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की सलाह दी गई। पुलिस ने उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने को कहा, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो। टैक्सी चालकों से यह भी आग्रह किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
![]()
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के निवास के कारण मैक्लोडगंज संवेदनशील
मैक्लोडगंज को तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के निवास, तिब्बती समुदाय की उपस्थिति और बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों के आगमन के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। पुलिस ने बताया कि हालिया घटनाओं की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है।
![]()
एसोसिएशनों ने सहयोग का दिया भरोसा
बैठक में होटल एसोसिएशन और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मैक्लोडगंज में हर वर्ष बड़ी संख्या में विदेशी और घरेलू पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटन के साथ-साथ इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।