स्कूल में छात्रा से अभद्र व्यवहार, मां को जातिसूचक शब्द कहने का आरोप
Schoolgirl treated rudely, accused of using casteist slurs against her mother
बूड़िया क्षेत्र के एक निजी स्कूल में छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और उसकी मां को जातिसूचक शब्द कहे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप स्कूल की एक शिक्षिका और संस्था के एक सदस्य पर लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव शहजादपुर टपरिया निवासी शिव कुमार की बेटी कक्षा 6 में पढ़ती है। 6 मार्च को वह परीक्षा देने के लिए स्कूल गई थी, जहां परीक्षा के दौरान शिक्षिका ने बिना किसी ठोस कारण उसका पेपर छीन लिया और करीब 30 मिनट बाद उसके चेहरे पर फेंकते हुए वापस किया। घर पहुंचकर छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना परिजनों को बताई।
इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे, जहां प्रधानाचार्य ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि 13 मार्च को जब छात्रा की मां दोबारा स्कूल पहुंची तो संस्था के सदस्य राम गुप्ता ने उन्हें प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया, लेकिन वहां उनकी बात सुनने के बजाय नजरअंदाज किया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 17 मार्च को राम गुप्ता ने फोन कर मामले के समाधान की बात कही, लेकिन बातचीत के दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और छात्रा की मां के लिए जातिसूचक शब्द कहे।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।