बिलासपुर में 'सट्टा ऑन व्हील्स' का भंडाफोड़: क्रेटा कार को बनाया हाईटेक सट्टा अड्डा, 17 लाख की संपत्ति के साथ 3 गिरफ्तार
'Satta on Wheels' Racket Busted in Bilaspur
'Satta on Wheels' Racket Busted in Bilaspur, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का तरीका अब और भी हाईटेक होता जा रहा है। सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां आरोपी कार को ही चलता-फिरता सट्टा अड्डा बनाकर आईपीएल मैचों पर दांव लगा रहे थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी लगातार लोकेशन बदलते हुए सफेद क्रेटा कार में बैठकर मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर सट्टा संचालित कर रहे थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर उनके इस मोबाइल नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गुम्बर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।विज्ञापन
जांच में मोबाइल फोन से आईपीएल मैचों पर हार-जीत के दांव और लेन-देन के साक्ष्य मिले। गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर गुप्ता, दीपचंद सोनकर (गनियारी, देवरीखुर्द) और सीताराम साहू (कीर्तिनगर, सिरगिट्टी) शामिल हैं, जो अलग-अलग जगहों से आकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, आरोपियों के पास से 5,01,300 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार सहित कुल 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।