Release of the book ‘From War to Peace’

पुस्तक ‘युद्ध से अमन की ओर’  का विमोचन

Release of the book ‘From War to Peace’

Release of the book ‘From War to Peace’

Release of the book ‘From War to Peace’- चंडीगढ़ । पंजाब विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा ‘युद्ध से अमन की ओर’ पुस्तक का विमोचन एवं विश्व शांति में भारत की भूमिका पर संवाद का सफल आयोजन किया गया।

पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी पुस्तक ‘युद्ध से अमन की ओर’ का भव्य विमोचन एवं ‘विश्व शांति में भारत की भूमिका’ विषय पर एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह पुस्तक चंडीगढ़ निवासी अभिनेता एवं लेखक श्री राजू वैद राज द्वारा नाट्य शैली में लिखी गई है। पुस्तक में भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथाओं का भावनात्मक चित्रण किया गया है, जो पाठकों के हृदय को छू जाता है।

राजू वैद ने बताया कि रंगकर्मी होने के नाते उनका लेखन की ओर बचपन से ही रुझान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज जब संपूर्ण विश्व युद्ध के भयावह खतरे की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में शांति की बात करना और उसे स्थापित करने का प्रयास और भी आवश्यक हो गया है।

इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री के.जी. सुरेश विशेष रूप से दिल्ली से पधारे। उनके साथ ही हरियाणा साहित्य एवं सांस्कृतिक अकादमी से श्री कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित श्रीमती ममता यादव ने कहा कि भारत ने सदा से विश्व शांति में अहम भूमिका निभाई है और आगे भी निभाता रहेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने की। उन्होंने भी अपने विचार साझा करते हुए भारत की शांति-प्रिय संस्कृति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे श्री सतीश कत्याल, श्री सुदेश शर्मा, साहित्यकार श्री राम अर्श, गुरचरण सिंह, एवं डा. जितेश कुमार पांडे ने भी अपने विचारों और भावनाओं को साझा किया।

इसके उपरांत सभी अतिथियों द्वारा पुस्तक ‘युद्ध से अमन की ओर’ का विधिवत विमोचन किया गया एवं श्री राजू वैद को उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। आपको बता दें कि श्री राजू वैद, समर्पण थिएटर ग्रुप के संस्थापक एवं निर्देशक भी हैं।

कार्यक्रम के अंत में राजू वैद ने डॉ. अशोक कुमार, डा. जितेश कुमार पांडे, श्री राजेश कुमार, एवं सभी उपस्थित अतिथियों का हृदय से आभार प्रकट किया।