पंजाब में 32 लाख लोगों का राशन खतरे में: केंद्र 8 लाख राशन कार्ड काट रहा, CM मान बोले- नहीं होने देंगे बंद
- By Gaurav --
- Saturday, 23 Aug, 2025

Ration Card Cut By Government: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर राशन कार्ड काटने को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 8 लाख 2 हजार 994 लोगों के राशन कार्ड काट रही है। इससे करीब 32 लाख लोगों को मुफ्त राशन नहीं मिल पाएगा।
मान ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के लिए अलग नियम बना रही है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोर से राशन चोर बनने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड काटने के मानदंड भी बताए। इनमें चार पहिया वाहन के मालिक, 25 लाख से अधिक टर्नओवर वाले, ढाई एकड़ से अधिक जमीन वाले या सरकारी नौकरी करने वाले शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा द्वारा लगाए जा रहे कैंपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड की जानकारी क्यों मांग रही है। वहीं पंजाब में अभी 1 करोड़ 53 लाख लाभार्थियों को राशन मिल रहा है। राज्य सरकार ने 1 करोड़ 29 लाख का सत्यापन कर लिया है।
मान ने केंद्र सरकार से 6 महीने का समय मांगा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक वे मुख्यमंत्री हैं, किसी का राशन कार्ड नहीं कटेगा। इस मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा है।