रांची रेलवे स्टेशन का नया अवतार: आधुनिक सुविधाओं के लिए करना होगा थोड़ा और इंतज़ार

रांची रेलवे स्टेशन का नया अवतार: आधुनिक सुविधाओं के लिए करना होगा थोड़ा और इंतज़ार

Ranchi Railway Station New Avatar

Ranchi Railway Station's New Avatar

रांची। Ranchi Railway Station's New Avatar, रांची रेलवे स्टेशन के बहुप्रतीक्षित पुनर्विकास कार्य में प्रगति तो हो रही है, लेकिन तय समयसीमा में कुछ देरी सामने आई है। साउथ गेट, जिसकी सेवा मार्च तक शुरू होनी थी, अब इसके लिए यात्रियों को लगभग तीन माह और इंतजार करना पड़ेगा।

निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण प्लेटफार्म-6 से ट्रेनों का परिचालन भी फिलहाल शुरू नहीं हो सकेगा। प्लेटफार्म-6 पर शेड निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचे का कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है।

पेवर्स बिछाने और यात्री सुविधाओं के विकास में भी समय लगेगा। स्टेशन भवन के दूसरे तल का निर्माण जारी है, जहां फिनिशिंग का काम चल रहा है।

भवन के अंदर वायरिंग, सिलिंग और टाइल्स लगाने का कार्य प्रगति पर है। साथ ही पूरे परिसर में नेटवर्किंग का काम अभी बाकी है। टिकट काउंटर का ढांचा तैयार हो चुका है, लेकिन उसके अंदरूनी कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं। मुख्य द्वार के बाहर शेड लगाने का काम भी जारी है।

पार्किंग और यात्री सुविधाओं का विस्तार

स्टेशन के बाहर पार्किंग क्षेत्र को विस्तारित किया जा रहा है, जहां एक साथ सैकड़ों वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। यह कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच रहा है। निर्माण एजेंसियां तेजी से काम कर रही हैं ताकि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

जी प्लस टू संरचना में तैयार हो रहा नया स्टेशन भवन यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें 17 लिफ्ट और 19 एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। दोनों ओर 100-100 कमरों वाले रिटायरिंग रूम बनाए जा रहे हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन

पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर एक समय में लगभग 35 हजार यात्रियों की आवाजाही संभव होगी। फूड प्लाजा क्षेत्र में करीब 2,500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। परियोजना पर कुल 447 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इसमें से 330 करोड़ रुपये स्टेशन भवन निर्माण पर और शेष राशि इंटीरियर, फर्नीचर व अन्य सुविधाओं पर खर्च होगी। स्टेशन की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे लगभग 30 प्रतिशत ऊर्जा की जरूरत पूरी होगी।

महिलाओं के लिए फीडिंग जोन, बच्चों के लिए प्ले एरिया, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और आधुनिक प्रवेश नियंत्रण प्रणाली भी विकसित की जा रही है।

अस्थायी भवन में शिफ्ट होंगे कार्यालय

निर्माण अवधि के दौरान सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए स्टेडियम के पीछे अस्थायी भवन तैयार किया जा रहा है। यहां रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल, मजिस्ट्रेट कार्यालय, ट्रैक मशीन कार्यालय, रेलटेल कार्यालय और को-ऑपरेटिव बैंक को स्थानांतरित किया जाएगा।

अधिकारी बोले

नॉर्थ गेट की सेवा शुरू होने में अभी दो से तीन महीने का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि फिनिशिंग से जुड़े कई कार्य अभी बाकी हैं और प्लेटफार्म-6 पर शेड सहित अन्य कार्य पूर्ण होने में समय लगेगा।
-केएन सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल