राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक: CEO नियुक्ति को मिला समय, SBI की कार्यप्रणाली पर जताया असंतोष
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
Ram Temple Trust Meeting: CEO Selection
अयोध्या में बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की न्यासी मंडल की बैठक आयोजित हुई, जिसमें श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ी संख्या को देखते हुए दर्शन-पूजन, चढ़ावा प्रबंधन, प्रशासनिक नियुक्तियों और मीडिया संवाद से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में चढ़ावा राशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतिम रिपोर्ट लंबित होने के कारण इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं की गई।
बैठक में मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया गया कि चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी सीसीटीवी कैमरों की पहुंच सुरक्षा अधिकारियों को उपलब्ध है। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक की सहायक टकसाल के माध्यम से स्वर्ण और रजत चढ़ावे की मात्रा एवं शुद्धता की जांच की मौजूदा व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया गया।
न्यासियों ने चढ़ावा राशि की गणना को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ हुए एमओयू और बैंक की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा बैंक की प्रक्रियाओं पर असंतोष व्यक्त किया। ट्रस्ट की वित्त समिति को बैंक के साथ मौजूदा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) की पुनः समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित समिति ने बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों के कारण चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मांगा, जिसे मंजूरी दे दी गई। इस बीच ट्रस्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत एक सचिव की नियुक्ति करने का भी निर्णय लिया।
बैठक में ट्रस्ट का नया प्रवक्ता नियुक्त करने और रिक्त न्यासी पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा मंदिर की पूजा-पद्धति और परंपरागत शुचिता बनाए रखने के लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया।