जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
Gym Trainer Kapil Murder Case:
हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव भुरटाना निवासी 27 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गांव के पास छिपा हुआ है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रोहित के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और करीब 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना स्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि 11 जून की सुबह जिम ट्रेनर कपिल अपने जिम के बच्चों को दौड़ की प्रैक्टिस करा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने फव्वारा चौक के पास उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।