जंतर-मंतर छात्र आंदोलन पर CM सैनी का विपक्ष पर हमला, बोले- युवाओं को गुमराह कर रही है राजनीति
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
CM Nayab Singh Saini Accuses Opposition
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा दौरे के दौरान जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा में नीट (NEET), कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
पंजाब की शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामने आए कुछ मामलों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं और उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि विपक्ष के पास कोई ठोस जनहित का एजेंडा नहीं है और वह केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिरसा में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों को जनता की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) से जुड़े एक मामले में जांच के आदेश दिए गए। वहीं हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों के कब्जे से संबंधित मामलों में पात्र लाभार्थियों को जल्द कब्जा दिलाने और अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने एक अन्य मामले में विजिलेंस जांच के आदेश देते हुए दोहराया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।