लखनऊ में 25 ब्लड बैंकों पर छापेमारी, 7 के संचालन पर लगी रोक

लखनऊ में 25 ब्लड बैंकों पर छापेमारी, 7 के संचालन पर लगी रोक

Raids on 25 Blood Banks in Lucknow

Raids on 25 Blood Banks in Lucknow

लखनऊ। Raids on 25 Blood Banks in Lucknow, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने सोमवार को राजधानी के 25 ब्लड बैंकों में छापेमारी की, जिसमें सात में कई खामियां मिलने के बाद संचालन पर रोक लगा दिया गया है। सातों ब्लड बैंक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। इसके अलावा कानपुर के भी चार ब्लड बैंक के संचालन पर रोक लगाई गई है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त बृजेश कुमार के मुताबिक, एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कई चैरिटेबल ब्लड बैंकों में औचक छापेमारी की गई, जिसमें मरीजों को बिना जांचा-परखा खून (असुरक्षित रक्त) देने और गंभीर अनियमिताओं के चलते सात ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। जांच में ब्लड की गुणवत्ता में कमी, एलाइजा तकनीक का उपयोग न होना जैसी खामियां मिलीं हैं।

इन ब्लड बैंकों में खाली ब्लड बैग की गुणवत्ता की कोई जांच नहीं की गई। रैपिड टेस्ट के नाम पर केवल सतही जांच हो रही थी। यही नहीं, ब्लड बैंकों में कोई डाक्टर भी नहीं मिले। मरीजों का खून कौन निकाल रहा है और किसे दिया गया? इसका कोई ब्योरा नहीं मुहैया कराया जा सका। न तो गुणवत्ता जांच के मानक का ध्यान रखा जा रहा था और न ही डोनर और रिसीवर का कोई रिकार्ड मिला।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले किसी भी ब्लड बैंक को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षित रक्त आधान के लिए सरकार द्वारा नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (एनबीटीसी) की संशोधित गाइडलाइंस का सख्ती से पालन अनिवार्य है। लापरवाही से संक्रमित खून चढ़ने और निकालने का जोखिम होने के कारण ब्लड बैंकों की जवाबदेही तय की जा रही है।

इस तरह की लापरवाही बरतने वाले किसी भी ब्लड बैंक को बख्शा नहीं जाएगा। यह गंभीर अपराध है। जिन ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक लगाया गया है उन सभी की नियमित निगरानी भी होगी। यदि संचालन करते पाया गया तो मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

इनके संचालन पर लगी रोक


नोबेल चैरिटेबल ब्लड सेंटर
श्री साई ब्लड बैंक एंड कंपोनेंट सेंटर
अवध चैरिटेबल ब्लड बैंक
लिटिल स्टार चैरिटेबल ब्लड बैंक सेंटर
केएचएस चैरिटेबल ब्लड बैंक
बांबे चैरिटेबल ब्लड सेंटर
लखनऊ चैरिटेबल ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर