राहुल गांधी 'वोटों की चोरी' पर फिर भड़के; बोले- BJP का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता, हरियाणा में जीत को लेकर बड़ा आरोप लगाया
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation Against The BJP And Election Commission
Rahul Gandhi: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 'वोटों की चोरी व धांधली' को लेकर फिर से भड़कते हुए दिखे हैं। राहुल ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट कर बीजेपी की घेराबंदी की है। राहुल ने आरोप लगाया है कि कभी वोटों की चोरी कर सीटें चुराई जा रहीं हैं तो कभी पूरी सरकार ही चुरा ली जा रही है। राहुल का ये बयान देश के 5 प्रदेशों में हुए विधानसभा चुनाव और आए परिणाम के बाद आया है।
राहुल ने अपनी पोस्ट में नाम लिए बिना चुनाव आयोग को भी घेरा है। इसके साथ ही राहुल ने दावा किया कि लोकसभा में जीतकर आए 240 बीजेपी सांसदों में से हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। अगर निष्पक्ष चुनाव हो जाए तो आज बीजेपी 140 सीटें भी नहीं जीत सकती। इसके साथ ही राहुल ने हरियाणा में बीजेपी की जीत को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया है और सीएम नायब सैनी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार को 'घुसपैठिया' कहा है।
दरअसल राहुल ने पोस्ट कर लिखा, ''वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं - क्या उन्हें BJP की भाषा में “घुसपैठिए” कहें? और हरियाणा? वहाँ तो पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है। जो संस्थाएँ अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं - वो ख़ुद “remote controlled” हैं। उन्हें असली डर सच्चाई का है। क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएँ, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते।''
राहुल का पोस्ट

'वोटों की चोरी' पर कई प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके
ज्ञात रहे कि राहुल लगातार 'वोटों की चोरी' का मामला उठा रहे हैं। वह इससे पहले 'वोटों की चोरी' पर दिल्ली में कई प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर चुके हैं और इस दौरान 'वोटों की चोरी' पर लाइव सबूत दिखाये थे। राहुल ने कहा था कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सह पर देश के अंदर वोटों की गड़बड़ी की जा रही है। चुनाव आयोग के ही इशारे पर बड़े पैमाने पर वोटों का फर्जीवाड़ा हो रहा है।
राहुल ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर वोटों की चोरी में शामिल होने का सीधा आरोप लगाया था। राहुल ने कहा था कि बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग ने जानबूझकर बड़ी संख्या में वास्तविक वोटरों के वोट काटे। जिसमें विपक्ष को टार्गेट किया गया। ज्ञात रहे कि, चुनाव आयोग की तरफ से चलाए गए गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) और वोटों की धांधली के खिलाफ राहुल ने बिहार में 'वोट अधिकार यात्रा' भी निकाली थी।
चुनाव आयोग भेदभाव नहीं करता
चुनाव आयोग लगातार राहुल गांधी के आरोपों को नकारता आया है। राहुल के पहले आरोपों पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के बीच कभी भेदभाव नहीं करता। चुनाव आयोग के लिए न तो कोई विपक्ष है, और न ही कोई पक्ष। चुनाव आयोग के लिए सभी समकक्ष और समान हैं। ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि, राहुल गांधी जो भी आरोप लगा रहे हैं, वह किसी तरह से सही नहीं हैं। उन्होंने गलत धारणा बनाई हुई है। राहुल गांधी को मतदाता सूची में अनियमितताओं के अपने आरोपों पर शपथपत्र देना चाहिए, अन्यथा उनके वोट चोरी के दावे निराधार और अमान्य माने जाएंगे। उन्हें देश से माफी मांगनी होगी।