AAP ने तरनतारन उपचुनाव के लिए उम्मीदवार उतारा; CM भगवंत मान ने खुद इस नाम की घोषणा की, लोगों से बोले- तोहफा देके जा रहा

Punjab Tarn Taran By-Election 2025 AAP Candidate Name Announced
Tarn Taran By-Election: पंजाब में तरनतारन उपचुनाव के लिए AAP की ओर से उम्मीदवार की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। सीएम मान ने पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को तरनतारन से आप उम्मीदवार घोषित किया है। तरनतारन की यह विधानसभा सीट जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। जिसके बाद अब इस खाली सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है, हालांकि चुनाव आयोग ने अभी उपचुनाव की तारीख घोषित नहीं की है।
CM मान लोगों से बोले- तोहफा देके जा रहा
दरअसल सीएम भगवंत मान आज तरनतारन के गांव झब्बाल में राज्य की 19000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम शुरू करने के लिए उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने वहां जनसभा और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जहां इसी मंच से सीएम ने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। सीएम मान ने कहा कि आज मैं एक बड़ी घोषणा कर रहा हूं और तरनतारन हल्के के लोगों को तोहफा देके जा रहा हूं। मैं आम लोगों के बीच से और सर्वे में पहली पसंद हरमीत सिंह संधू को आप उम्मीदवार घोषित कर रहा हूं। सीएम ने कहा कि संधू पार्टी के नहीं लोगों के उम्मीदवार हैं।
ਹਲਕਾ ਤਰਨਤਾਰਨ ਦੀ ਜ਼ਿਮਨੀ ਚੋਣ ਲਈ ਇਲਾਕੇ ਦੇ ਇਮਾਨਦਾਰ ਅਤੇ ਲੋਕਾਂ ਦੀ ਪਸੰਦ ਹਰਮੀਤ ਸੰਧੂ ਨੂੰ ਉਮੀਦਵਾਰ ਐਲਾਨਿਆ। ਤੁਸੀਂ ਹਰਮੀਤ ਸੰਧੂ ਨੂੰ ਜਿਤਾ ਕੇ ਵਿਧਾਨਸਭਾ ਭੇਜੋ, ਅਸੀਂ ਹਲਕੇ ਦੇ ਵਿਕਾਸ ਕਾਰਜਾਂ ਦੀ ਰਫ਼ਤਾਰ ਦੁੱਗਣੀ ਕਰ ਦੇਵਾਂਗੇ।
---
हलका तरनतारन की उपचुनाव के लिए इलाके के ईमानदार और लोगों की पसंद हरमीत संधू को… pic.twitter.com/uBd6xvh5Jx
कौन हैं हरमीत सिंह संधू?
हरमीत सिंह संधू पंजाब की राजनीति में एक जाना-माना चेहरा हैं। वह तरनतारन से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे 2002 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में, जबकि 2007 और 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुने गए थे। हालांकि, 2017 और 2022 केचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कुछ समय पहले ही संधू ने आप का दामन थाम लिया था। सीएम मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने उनका स्वागत किया था। आप ने हरमीत सिंह संधू को तरनतारन हलका इंचार्ज भी नियुक्त किया था।
CM मान ने कहा- AAP लोगों की पहली पसंद
सीएम मान ने कहा कि पंजाब में अपने कामों की बदौलत आम आदमी पार्टी लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। सरकार बनने के बाद जितने भी उपचुनाव हुए, उनमें लोगों ने दूसरी बार भी आम आदमी पार्टी को ही चुना। हम लोगों द्वारा दिए गए फैसले पर खरे उतर रहे हैं। पिछली सरकारों ने सरकारी संस्थानों को घाटे में दिखाकर निजी कंपनियों को बेच दिया, पर हमने निजी थर्मल प्लांट खरीदकर जनता को समर्पित कर दिया। लोगों को मुफ़्त बिजली और युवाओं को रोज़गार दिया। हम एक विज़न के तहत पंजाब को तरक्की की राहों पर ले जा रहे हैं।
वहीं सीएम ने कहा कि नशा तस्करों का साथ देकर पंजाब की जवानी को बरबाद करने वालों को हमने चुन-चुनकर जेलों में डाला। लेकिन दुःख की बात है कि नशा तस्करों को जेल भेजने पर विरोधियों को बहुत दुःख हुआ और वे पंजाब के साथ खड़े होने की बजाय पंजाब के दुश्मनों के साथ खड़े हो गए। वहीं हमने तरनतारन की 1210 किलोमीटर लिंक सड़कों के लिए 174 करोड़ 83 लाख रुपये का फंड जारी किया है। अगले 5 वर्षों के लिए सड़कों की मरम्मत हेतु 44 करोड़ रुपये अलग से जारी करेंगे। सड़कों की गुणवत्ता और मजबूती को लेकर ठेकेदारों को सख़्त निर्देश दिए गए हैं।