CM भगवंत मान ने पंजाब के लिए आर्थिक मदद मांगी; बाढ़ पीड़ितों के लिए योगदान देने को कहा, बोले- यह समय साथ खड़े होने का

Punjab CM Flood Relief Fund Donation For Affected People
Punjab Flood Tragedy: इस समय पंजाब भीषण बाढ़ संकट का सामना कर रहा है। राज्य के 7 से ज्यादा जिले और 1000 से अधिक गांव बाढ़ की भयावह चपेट में हैं। लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। फसलों से लहलहाती ज़मीनें जलमग्न होकर बर्बाद हैं। जहां ऐसे में पीड़ितों के दर्द को सुन और देख रोना सा आ जाता है। पंजाब सरकार लगातार बाढ़ पीड़ितो परिवारों तक सरकारी मदद पहुंचा रही है। उनके लिए खाने-पीने का इंतजाम कर रही है। दवाइयों की मदद भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
वहीं इस बीच सीएम भगवंत मान ने खुद पंजाब के लिए आर्थिक मदद मांगी है। लोगों से आगे आकर पीड़ितों के लिए योगदान करने को कहा है। सीएम मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा सबके साथ खड़ा रहा है। आज हम सभी को इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाब के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। आइए, एक-दूसरे का साथ दें। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चल रहे राहत कार्यों में अपना योगदान दें। आप तस्वीर में दिए गए 'मुख्यमंत्री राहत कोष' के क्यूआर कोड को स्कैन कर सकते हैं या दिए गए बैंक खाते में राशि भेज सकते हैं। समय मुश्किल ज़रूर है, लेकिन एक-दूसरे के सहयोग से यह समय भी बीत जाएगा।''
पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा हर किसी के साथ खड़ा रहा है। आज हम सभी को इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाब के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। आइए एक-दूसरे का सहारा बनें। बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए चल रहे राहत कार्यों में अपना योगदान दें। आप इसके लिए तस्वीर में दिए गए मुख्यमंत्री… pic.twitter.com/wtSVuq0pRo
CM मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अपनी सैलरी दी
सीएम भगवंत मान ने फ्लड रिलीफ़ फंड में अपनी एक महीने की सैलरी देने का भी फैसला किया है। सीएम के साथ-साथ आप के सभी मंत्री और विधायक भी अपनी एक महीने की सैलरी बाढ़ पीड़ितों के लिए देंगे। सीएम मान ने खुद इसकी जानकारी दी है। इससे पहले सीएम मान ने अपना सरकारी हेलीकाप्टर बाढ़ पीड़ितो के लिए छोड़ दिया था। जिससे बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित निकाला जा रहा है और उन तक राशन-पानी की व्यवस्था पहुंचाई जा रही है। सीएम मान ने कहा था कि, जब तक जहां भी जरूरत होगी, हेलीकाप्टर जनसेवा में रहेगा।
हरियाणा ने 5 करोड़ की आर्थिक मदद दी
बाढ़ पीड़ित राज्य पंजाब की मदद के लिए हरियाणा आगे आया है। हरियाणा सरकार ने पंजाब को 5 करोड़ रूपए की मदद दी है। हरियाणा सरकार ने कहा, ''पंजाब में आई भीषण बारिश व बाढ़ से उत्पन्न हालात बेहद दुखद हैं। इस संकट की घड़ी में हरियाणा सरकार और प्रदेश की जनता प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हरियाणा द्वारा दी जा रही यह मदद राहत और बचाव कार्यों में सहायक होगी और प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुँचाने में मदद करेगी। सरकार का यह प्रयास है कि ज़रूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहयोग किया जाए। हम सभी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि हरियाणा उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
बाढ़ के कहर से 30 लोगों की मौत
आफत की इस बारिश और बाढ़ ने ऐसा कोहराम मचा दिया है कि लोग बस अब त्राहिमाम-त्राहिमाम बोल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बारिश और बाढ़ के कहर से अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। 1 अगस्त से 2 सितम्बर तक का यह आकंडा है। मौतों के मामले में पठानकोट सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां सबसे ज्यादा 6 मौतें दर्ज की गईं हैं। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में 2.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। जबकि करीब 20 हजार से लोगों को अब तक सुरक्षित बचाया गया है।