पंजाब में ‘रेल रोको’ आंदोलन 3 दिन के लिए स्थगित, यात्रियों को राहत
- By Gaurav --
- Friday, 17 Apr, 2026
Punjab ‘Rail Roko’ Protest Deferred
पंजाब के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। किसानों द्वारा 17 अप्रैल को प्रस्तावित ‘रेल रोको’ आंदोलन को फिलहाल 3 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस फैसले से राज्य में रेल सेवाओं के बाधित होने की आशंका टल गई है।
किसान संगठनों ने पहले दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रेलवे ट्रैक पर धरना देने का ऐलान किया था। हालांकि, अब इसे अस्थायी रूप से टाल दिया गया है।
किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने बताया कि सभी संगठनों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस समय अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद प्रक्रिया जोरों पर है, जिसके चलते बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल बेचने में व्यस्त हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की मांगों पर विचार करने के लिए 3 दिन का समय दिया गया है। किसानों की प्रमुख मांग गेहूं खरीद के नियमों में राहत देने और मंडियों में आ रही समस्याओं का समाधान करने से जुड़ी है।
पंधेर ने किसानों से अपील की है कि वे 3 दिन बाद संभावित आंदोलन के लिए तैयार रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां-जहां खरीद प्रक्रिया को लेकर समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां स्थानीय किसान संगठन अपने स्तर पर निर्णय ले सकते हैं।
गौरतलब है कि यह आंदोलन संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा की अगुवाई में राज्य स्तर पर आयोजित किया जाना था।