ओलंपिक 2036 की तैयारी तेज: मुख्यमंत्री योगी ने खेल संघों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
Preparations for the 2036 Olympics intensify
लखनऊ। Preparations for the 2036 Olympics intensify, वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों की तैयारी को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के खेल संघों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। कहा कि वैश्विक खेल संगठनों में बढ़ती भागीदारी से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं को नया अनुभव मिलेगा, जिससे प्रदेश और देश की खेल व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने वर्ष 2036 तक उत्तर प्रदेश को स्कूली खेलों के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल करने के लिए अभी से ठोस योजना बनाने पर जोर दिया।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अध्यक्ष एवं कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में हुए इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएफ) के चुनाव में दीपक कुमार कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं की कार्यप्रणाली और नीतियों का अनुभव प्रदेश और देश की खेल व्यवस्था को नई दिशा देगा। कबड्डी और योग जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को ओलंपिक में शामिल कराने के लिए रणनीतिक प्रयास किए जाने चाहिए।
दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत ने पहली बार आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वालीबाल चैंपियनशिप-2025 में बालक वर्ग का कांस्य पदक जीता है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत 120 से अधिक शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और प्रशिक्षकों को प्रमाणित किया गया है।
अगले वर्ष भारत को दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल कुश्ती चैंपियनशिप और आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। दोनों प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी। इसके लिए एसजीएफआई ने दिल्ली सरकार और भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के साथ समझौता किया है।
इन प्रतियोगिताओं में 35 से अधिक देशों के 1,100 से ज्यादा खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव एवं एसजीएफआई की कार्यकारिणी के सदस्य भगवती सिंह भी मौजूद रहे।