Chandigarh Politics: चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका; अब एक और पार्षद ने थाम लिया कांग्रेस का दामन

चंडीगढ़ में AAP को बड़ा झटका; अब एक और पार्षद ने थाम लिया कांग्रेस का दामन, पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष के पद पर ठोका दावा

Chandigarh Aam Aadmi Party Councillor Munawar Joins Congress

Chandigarh Aam Aadmi Party Councillor Munawar Joins Congress

Chandigarh Politics: चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और जोड़-तोड़ का खेल शुरू हो गया है. रविवार को वार्ड नंबर 29 से आम आदमी पार्टी के पार्षद मुनव्वर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया. चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी ने मुनव्वर की पार्टी में जॉइनिंग कराई. इस मौके पर मुनव्वर के साथ-साथ उनके कई समर्थक और आप के तमाम और कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हुए. चंडीगढ़ की सियासत में ये बड़ा घटनाक्रम है और आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका.

तेजतर्रार नेताओं में पार्षद मुनव्वर की गिनती

चंडीगढ़ के तेजतर्रार नेताओं में पार्षद मुनव्वर की गिनती होती है. मुनव्वर पिछले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में वार्ड-29 (सेक्टर-55, सेक्टर-56 एवं आसपास के क्षेत्र) से लगभग 6,187 मत प्राप्त कर करीब 3,000 वोटों के बड़े अंतर से जीते थे. मुनव्वर को विशेषकर मुस्लिम समाज में मजबूत जनाधार रखने वाले नेता के रूप में देखा जाता है. उनके कांग्रेस में शामिल होने से शहर की राजनीति में कांग्रेस की स्थिति और अधिक मजबूत होती मानी जा रही है. जिसका फायदा कांग्रेस को आने वाले निगम चुनाव में मिल सकता है.

कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष के पद पर ठोका दावा

AAP पार्षद मुनव्वर के कांग्रेस में आने से अब चंडीगढ़ नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी समीकरण बदलते हुए दिख रहे हैं. अब नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है. वहीं मताधिकार के हिसाब संख्या की बात की जाए तो सांसद के मतदान अधिकार को जोड़ते हुए कांग्रेस के पास अब मेयर चुनाव के लिए 10 वोट होंगे. इसीलिए अब कांग्रेस ने नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पद पर अपना दावा ठोक दिया है.

मुनव्वर की पार्टी में जॉइनिंग के मौके पर एचएस लकी ने कहा कि आज की इस महत्वपूर्ण राजनीतिक ज्वाइनिंग के बाद नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या 9 हो गई है तथा सांसद के मतदान अधिकार को जोड़ने पर कांग्रेस के पास 10 वोट हो जाएंगे. अब कांग्रेस नगर निगम में दूसरा सबसे बड़ा दल बन चुकी है. ऐसे में कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष (Leader of Opposition) का पद कांग्रेस को मिलना चाहिए. इस संबंध में शीघ्र ही कांग्रेस पार्षदों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तथा नेता प्रतिपक्ष के नाम पर निर्णय लिया जाएगा.

चंडीगढ़ में कांग्रेस का जनाधार बढ़ रहा

लकी ने कहा कि सांसद मनीष तिवारी द्वारा संसद में उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों तथा कांग्रेस पार्षदों द्वारा नगर निगम में जनता की आवाज मजबूती से उठाने के कारण चंडीगढ़ में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है. मुनव्वर और उनके साथ कांग्रेस में शामिल हुए सभी साथियों का पार्टी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ स्वागत करती है. इन सभी के अनुभव और जनसंपर्क से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और शहर में पार्टी और अधिक मजबूत होगी.

कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू की

लकी ने कहा कि कांग्रेस ने आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारी पूरी ताकत के साथ शुरू कर दी है. कांग्रेस केवल चुनावी राजनीति नहीं कर रही, बल्कि जनता के हर मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है. यही कारण है कि चंडीगढ़ में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है. लकी ने अन्य राजनीतिक दलों के जनाधार वाले नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनसेवकों से भी अपील की कि यदि वे वास्तव में चंडीगढ़ के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित की राजनीति चाहते हैं तो कांग्रेस परिवार का हिस्सा बनें. कांग्रेस का कारवां लगातार बढ़ रहा है. जनता बदलाव चाहती है और चंडीगढ़ में उस बदलाव का नेतृत्व कांग्रेस करेगी.