जीरकपुर-परवाणु हाईवे पर बनेगा फुट ओवर ब्रिज, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
- By Gaurav --
- Sunday, 26 Jul, 2026
Relief for Villagers as NH-5 Foot
पंचकूला: शिवालिक विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने गांव सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी के लोगों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जीरकपुर-परवाणु राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-5) पर दोनों गांवों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि अंबाला के सांसद वरुण चौधरी की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने फुट ओवर ब्रिज निर्माण को स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए ₹1,19,70,117 की राशि मंजूर करते हुए निर्माण कार्य एक कंपनी को आवंटित कर दिया है।
विजय बंसल ने बताया कि सांसद वरुण चौधरी ने अपने पिंजौर-कालका दौरे के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। ग्रामीणों ने बताया था कि हाईवे के डिवाइडर पर ऊंची लोहे की ग्रिल लगाए जाने के कारण उनका आवागमन बाधित हो गया है और सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। इसी को देखते हुए वहां फुट ओवर ब्रिज की मांग की गई थी।
उन्होंने कहा कि NH-5 गांव रामपुर सियुड़ी और सूरजपुर के बीच से गुजरता है। सड़क के एक ओर रामपुर सियुड़ी की घनी आबादी है, जबकि दूसरी ओर सूरजपुर और रजीपुर के लोग रहते हैं। रोजमर्रा के कार्यों के लिए लोगों को व्यस्त हाईवे पार करना पड़ता है।
इसके अलावा सूरजपुर की ओर सरकारी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी स्थित हैं। छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती थी, जिससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण लंबे समय से यहां सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे।
विजय बंसल ने कहा कि फुट ओवर ब्रिज बनने से स्थानीय लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।