CM नायब सैनी बोले- युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
- By Gaurav --
- Sunday, 26 Jul, 2026
Haryana CM Nayab Singh Saini
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेले केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में आयोजित अंत्योदय मेले को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना। इसके बाद उन्होंने लाडवा के गोविंदपुरा निवासी ताराचंद को स्ट्रीट वेंडर निधि योजना के तहत आवंटन पत्र सौंपा।
युवाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरकारी नौकरी तक सीमित न रहने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
'मन की बात' को बताया प्रेरणादायक
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम देशभर में प्रेरणा का माध्यम बन चुका है। इसके जरिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की कहानियां सामने आती हैं, जिससे युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों को नवाचार, मेहनत और समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
सरकार खुद पहुंच रही पात्र परिवारों तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य सरकार और गरीब परिवारों के बीच की दूरी को कम करना है। अब पात्र परिवारों की आय, क्षमता और आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें उपयुक्त सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बताया कि लाडवा आने से पहले यमुनानगर में नशा विरोधी मैराथन का आयोजन किया गया था। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशा मुक्त हरियाणा के अभियान को मजबूत करने की अपील की।
कारगिल वीरों को किया नमन
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस का भी उल्लेख किया और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में जवानों का योगदान अतुलनीय है और युवाओं को राष्ट्रसेवा एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।