हमीरपुर बस हादसा: बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, दो की मौत, कई घायल
Hamirpur bus accident: Bus carrying pilgrims returning
हमीरपुर। दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर रविवार सुबह करीब 9:45 बजे पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। शाहतलाई के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु बाबा बालकनाथ के दियोटसिद्ध मंदिर में माथा टेकने के बाद शाहतलाई की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला।सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल बड़सर भेजा गया है।
बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है, जबकि प्रशासन मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जुटाने में लगा हुआ है।