अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को मिली रफ्तार,नागपुर में तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
Preparations for International Yoga Day gain momentum
रतिया/सुरेश मंगला : Preparations for International Yoga Day gain momentum, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को भव्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नागपुर में ब्लॉक स्तरीय तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। पतंजलि योग समिति एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के योग साधकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों,विद्यालय स्टाफ,सरपंच व पंचगण को कॉमन योग प्रोटोकॉल का सूक्ष्म व वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्र में पतंजलि योग समिति के जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुरेश मंगला,संजीव गोयल तथा आयुष योग प्रशिक्षक मंजु ने प्रतिभागियों को ग्रीवा चालन,स्कंध चालन,कटि चालन,घुटना चालन,ताड़ासन, वृक्षासन,भुजंगासन, शलभासन,प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का विधिवत अभ्यास करवाया। विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक आसन के लाभ व सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुरेश मंगला ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं,बल्कि संपूर्ण जीवन दर्शन है। 21 जून को होने वाले सामूहिक योगाभ्यास में इसी मानकीकृत प्रोटोकॉल का अनुसरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोगी,मन शांत और आत्मा प्रफुल्लित रहती है। यह तनावमुक्त जीवन की कुंजी है। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित होकर लौटे साधक अब अपने गांव-मोहल्लों में जन-जागृति अभियान चलाकर योग को घर-घर तक पहुंचाएंगे। आयुष अधिकारी जसविन्द्र सिंह ने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को योग से जोड़कर उन्हें स्वस्थ,ऊर्जावान व सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा जब योग हर व्यक्ति की दिनचर्या बने। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि संजीव कंबोज,पंचायत समिति सदस्य रमेश कुमार,खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय नागपुर से सतबीर डी.ई.ओ. सहित पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों,आयुष विभाग के अधिकारियों व सैकड़ों योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।