पंचकूला गोल्फ क्लब में अव्यवस्थाओं पर सदस्यों ने जताई नाराजगी, प्रशासन से सुधार और पारदर्शिता की मांग

पंचकूला गोल्फ क्लब में अव्यवस्थाओं पर सदस्यों ने जताई नाराजगी, प्रशासन से सुधार और पारदर्शिता की मांग

1000271047

Members express displeasure over mismanagement at Panchkula Golf Club

पंचकूला गोल्फ क्लब में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग, सदस्यों ने प्रशासन से हस्तक्षेप का आग्रह किया

पंचकूला (उमेश जैन) 26जुलाई. पंचकूला। पंचकूला गोल्फ क्लब के कुछ सदस्यों ने क्लब में लंबे समय से व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक अनियमितताओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए क्लब के प्रशासन में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की है।

सदस्यों का कहना है कि गोल्फ कोर्स की समुचित देखरेख नहीं हो रही है। हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण होल नंबर 1 के पास गोल्फ कोर्स के किनारे काफी कटाव हो गया है। सदस्यों के अनुसार, बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इससे कई पेड़ों के बह जाने का खतरा भी बना हुआ है।

सदस्यों ने आरोप लगाया कि क्लब के प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता की कमी है और सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने में भी आनाकानी की जाती है।

सदस्यों का यह भी कहना है कि क्लब के जनरल मैनेजर का कार्यकाल सामान्यतः दो वर्ष का होता है, जबकि वर्तमान जनरल मैनेजर लगभग 12 वर्षों से लगातार पद पर कार्यरत हैं। सदस्यों का आरोप है कि उनका व्यवहार अत्यधिक अधिकारवादी है और वे सदस्यों के साथ एक तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाते हैं। सदस्यों की मांग है कि क्लब में नए जनरल मैनेजर की नियुक्ति की जाए ताकि प्रशासन में नई सोच, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

सदस्यों ने यह भी सवाल उठाया है कि एक कैडी को सहायक मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया है, जिसकी नियुक्ति की प्रक्रिया और योग्यता के संबंध में भी पारदर्शिता आवश्यक है।

   सदस्यों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पंचकूला गोल्फ क्लब के प्रशासन में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

इस संबंध में सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य प्रशासक से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। इसके अतिरिक्त, मुख्य प्रशासक को एक लिखित पत्र भी सौंपा गया है, जिसमें क्लब में व्याप्त समस्याओं के समाधान, गोल्फ कोर्स की उचित देखरेख, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा नए जनरल मैनेजर की नियुक्ति की मांग की गई है।

सदस्यों ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा और पंचकूला गोल्फ क्लब को बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और उच्च स्तर की सुविधाओं वाला संस्थान बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।

— पंचकूला गोल्फ क्लब के संबंधित सदस्य